भास्कर न्यूज |गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल अंतर्गत गिरिडीह वन प्रक्षेत्र में बुधवार को अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार तिवारी को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर प्रखंड के चतरो सुरक्षित वन क्षेत्र, थाना गिरिडीह मुफ्फसिल से सफेद पत्थर का अवैध उत्खनन कर उसे बालमुकुंद प्राइवेट लिमिटेड, चतरो परिसर में गिराया जा रहा है।सूचना मिलते ही डीएफओ के निर्देश पर वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी एस.के. रवि के नेतृत्व में एक टीम गठित कर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। गश्ती दल जब गिरिडीह-धनबाद मुख्य मार्ग पर चतरो के समीप पहुंचा तो एक सफेद पत्थर लदा ट्रैक्टर-ट्रेलर आता दिखाई दिया। वन विभाग की गाड़ी को दूर से देखते ही चालक ट्रैक्टर सड़क पर खड़ा कर फरार हो गया। इसके बाद वाहन को जब्त कर वन प्रक्षेत्र कार्यालय परिसर लाया गया।वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। धंधेबाजों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान डीएफओ मनीष कुमार तिवारी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि पूर्वी वन प्रमंडल क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वन संपदा की रक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और आगे भी सघन छापेमारी अभियान जारी रहेगा। बताया कि अज्ञात चालक और वाहन मालिक के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है। गश्ती दल में प्रभारी वनपाल रोहित कुमार, उप परिसर पदाधिकारी सिकंदर पासवान, अशोक कुमार, संजय पंडित, संजयकांत यादव एवं बिरेंद्र कुमार शामिल थे।


