भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से की गई चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती-2024 के दस्तावेज सत्यापन की जिम्मेदारी शिक्षा विभाग को मिली है। विभाग की ओर से मंडल स्तर पर चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन का काम किया जाएगा। बोर्ड ने विभाग को दस्तावेज सत्यापन के लिए 145250 अभ्यर्थियों की सूची सौंपी है। विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। प्रत्येक मंडल को अनुमानित 16 हजार अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन करने होंगे। दस्तावेज सत्यापन का काम 9 मार्च से 13 अप्रैल तक चलेगा। यानी इन 36 दिनों में से 22 दिन सत्यापन का काम होगा। बाकी दिन अवकाश रहेगा। बोर्ड ने 53750 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन किया था। पिछले दिनों इस भर्ती का प्रारंभिक परिणाम जारी किया गया था। इसमें पदों के मुकाबले दो गुणा अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए सूचीबद्ध किया गया था। कई अभ्यर्थियों के समान अंक होने के कारण अभ्यर्थियों की संख्या 1.45 लाख तक पहुंच गई। 9 मार्च से 13 अप्रैल तक होंगे सत्यापन : 24 फरवरी तक दस्तावेज सत्यापन करने वाली टीमों का गठन होगा। 7 चरणों में सत्यापन होगा। पहले चरण में 9 से 13 मार्च तक होंगे। दूसरे के 16 से 19 मार्च, तीसरे के 23 से 25 मार्च तक, चौथे के 27 मार्च को, पांचवे के 30 मार्च को, छठे में 1 से 2 अप्रैल तक और सातवें चरण में सत्यापन 6 से 10 तक होंगे।


