चरही में ज्वेलरी दुकान की दीवार काटकर और लॉकर तोड़ 6 लाख के गहने की चोरी

भास्कर न्यूज | चरही चरही थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक सोना-चांदी की दुकान में अज्ञात चोरों ने दीवार काटकर सेंधमारी कर 6 लाख रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। पूनम ज्वेलर्स के मालिक निर्मल साव ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। दुकान के पीछे की गली की ओर दीवार टूटी हुई थी और अंदर रखा लॉकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त था। चोरों ने लॉकर में सुरक्षित ग्राहकों के सोने-चांदी के आभूषण, अन्य कीमती सामान और नकदी चोरी कर ली। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही चरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। भुक्तभोगी की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश में जुटी है। इस दुस्साहसिक वारदात से स्थानीय व्यवसायियों में रोष व्याप्त है। थाना के निकट इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। इससे पहले 7 फरवरी को बड़कागांव में दिनदहाड़े तीन अपराधियों ने एक ज्वेलरी व्यापारी से करीब 22 लाख रुपए के जेवरात लूट लिए थे। तरीका: अपराधियों ने हथियार के बल पर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। एक प्रत्यक्षदर्शी को अपराधियों ने गोली मार दी थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *