कांकेर | भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा शुरू किए गए संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत जिले में निर्धारित संकेतकों की संतृप्ति के लिए विभाग लगातार काम कर रहे हैं। अभियान के तहत तैयार कार्ययोजना के अनुसार विभिन्न विभाग नियमित रूप से गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के नेतृत्व और जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी के मार्गदर्शन में प्रगति की समीक्षा की जा रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और पशुपालन विभागों को मैदानी स्तर पर निगरानी बढ़ाने तथा जनभागीदारी के साथ अभियान को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के प्रमुख संकेतकों में आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का नियमित वजन और पोषण जांच, शौचालय व पेयजल सुविधा, स्कूलों में बालिकाओं के लिए पर्याप्त शौचालय, पशुओं का टीकाकरण, जन्म के समय शिशुओं का वजन दर्ज करना और टीबी केस नोटिफिकेशन दर में सुधार शामिल है।


