रांची | श्रीराम जानकी तपोवन मंदिर में शुक्रवार को पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ रंगभरी एकादशी महोत्सव मनाया गया। महंत ओम प्रकाश शरण ने ठाकुरजी को पुष्प अर्पित की। इसके बाद श्रद्धालुओं पर अबीर-गुलाल की वर्षा की गई। भजन हुआ। इधर, श्री श्याम मित्र मंडल के रंग रंगीलो श्री श्याम फागण अमृत महोत्सव के तहत बड़ी एकादशी पर बाबा श्याम का दिव्य शृंगार किया गया। स्वामनी महाभोग के रूप में छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया गया। इधर, दिव्यदेशम श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में आमलकी एकादशी व्रत पर भव्यातिभव्य अनुष्ठान का आयोजन किया गया। भगवान वेंकटेश का महाभिषेक किया गया। इधर, पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में फाल्गुन रंगभरी पर श्री राधा रानी का अलौकिक शृंगार किया गया। भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। रांची | लो फाल्गुन आया रे मस्तियां लाया रे, हो नाचो दीवानों झूमकर के अरे ये मेला है श्याम का… जैसे भजनों से भक्त झूम उठे। मौका था अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में शुक्रवार को श्री श्याम मंडल द्वारा फाल्गुन सतरंगी महोत्सव के तहत रंगभरी एकादशी का। मुख्य कार्यक्रम रात 9 बजे प्रारंभ हुआ। फाल्गुन शुक्ल बड़ी एकादशी पर श्री श्याम प्रभु का कोलकाता, बेंगलुरु और मुंबई से विशेष रूप से मंगाए गए ताजे फूलों से अनुपम व विराट शृंगार किया गया। साथ ही मंदिर में विराजमान बजरंगबली व शिव परिवार का भी विशेष शृंगार किया गया। मंडल के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश बागला ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विवेक ढांढनियां ने पावन ज्योत प्रज्वलित कर खीर-चूरमा व छप्पन भोग अर्पित किया। गणेश वंदना के साथ संकीर्तन प्रारंभ हुआ। चल श्याम धणी के द्वार रंगीला फागुण आया है… लखदातार रंगीला फागुन आया है” जैसे भजनों से वातावरण श्याममय हो गया। भक्तों ने बाबा श्याम के साथ फूलों की होली खेली। हरमू रोड श्याम मंदिर में बाबा का दिव्य शृंगार। रांची| श्री श्याम संघ द्वारा शुक्रवार को आयोजित फाल्गुन महोत्सव श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। प्रातः 8 बजे श्री राधा वल्लभ मंदिर से भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई। मुख्य यजमान उमेश अग्रवाल व उनके परिवार ने गणेश पूजन व निशान पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। निशान यात्रा श्याम मंदिर, अग्रसेन पथ पहुंची, जहां 401 श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम को पावन निशान अर्पित किए। “डोरी खेंच के राखिजे…” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। संध्या 7 बजे विकास परशुरामपुरिया व नेहा परशुरामपुरिया ने अखंड ज्योत प्रज्वलित की। पटना की भजन गायिका अर्चना ने सुमधुर प्रस्तुति दी।


