चांदी के रथ पर नगर भ्रमण पर निकलेंगे बाबा-खाटूश्यामजी:3 मार्च को चंद्रग्रहण के कारण बंद रहेगा मंदिर, 5 मार्च को होगा तिलक

सीकर में बाबा खाटूश्यामजी का फाल्गुनी मेला जारी है। कल एकादशी पर 11:15 बजे बाबा खाटूश्यामजी चांदी के रथ में सवार होकर नगर भ्रमण को निकलेंगे। इस दौरान, उनका नीला घोड़ा भी साथ होगा। वहीं, 3 मार्च को चंद्रग्रहण होने के चलते मंदिर पूरे दिन बंद रहेगा। इसके बाद 5 मार्च को तिलक होने के चलते भी मंदिर में दर्शन कई घंटे के लिए बंद रहेंगे। श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 11:15 बजे रथयात्रा मंदिर प्रांगण से शुरू होगी। यह श्याम चौक, खातियों का मोहल्ला, अस्पताल चौराहा, पंचायत धर्मशाला, कला भवन होते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचेगी। चौहान ने बताया कि रथयात्रा पिछले करीब 350 सालों से निकल रही है। उन्होंने सभी भक्तों से रथयात्रा के दौरान धक्का-मुक्की न करने की अपील की है। चंद्रग्रहण होने के चलते 3 मार्च को मंदिर में दर्शन पूरे दिन बंद रहेंगे। इसके बाद 5 मार्च को बाबा का तिलक और विशेष सेवा-पूजा होगी। इसलिए, मंदिर में दर्शन 4 मार्च की रात 10 बजे बंद होंगे और 5 मार्च को शाम 5 बजे फिर से शुरू होंगे।
रथ यात्रा के दौरान लुटाया जाता है बाबा का खजाना रथ यात्रा के दौरान रथ से चॉकलेट और फल वितरित किए जाते हैं। इन्हें लेने के लिए श्रद्धालुओं में काफी उत्साह रहता है। इतना ही नहीं, बाबा के रथ को खींचने के लिए भी भक्तों में होड़ लगी रहती है। जमकर उड़ाया जाता है गुलाल रथ यात्रा के दौरान बाबा के भक्त जमकर गुलाल उड़ाते हैं और चंग की धुन पर थिरकते हैं। रथयात्रा में लगभग 500 से 1000 सुरक्षाकर्मी और प्राइवेट गार्ड तैनात किए जाते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *