चांपा में 7 दिन में 2 सड़क हादसे, 2 मौत:6 घायल, स्थानीय लोगों ने स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की

जांजगीर-चांपा के चांपा शहर में सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। बीते सात दिनों में अलग अलग जगहों में हुए दुर्घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई है, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए हैं। ये सभी घटनाएं चांपा थाना क्षेत्र में दर्ज की गई हैं। पहली घटना 11 जनवरी की रात गौरव पथ पर हुई। एक तेज रफ्तार तूफान वाहन ने स्कूटी और लूना को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 21 वर्षीय आकाश केसरवानी की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हुए। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे मुचलके पर रिहा कर दिया है। दूसरी दुर्घटना 14 फरवरी को महाराणा प्रताप बस स्टैंड के समीप हुई। महुदा गांव से शिवरीनारायण मेला जा रहे पिता-पुत्र की मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन से जा भिड़ी। इस हादसे में 60 वर्षीय सरजू भैना की सिर में गंभीर चोट लगने से मृत्यु हो गई। उनके पुत्र आशीष भैना घायल हुए, जिन्हें उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। तीसरी घटना 15 फरवरी को एक बार फिर महाराणा प्रताप बस स्टैंड के पास दर्ज की गई। यहां दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में चार युवक घायल हो गए। एक मोटरसाइकिल पर तीन और दूसरी पर एक युवक सवार था। घायलों में 17 वर्षीय अभय साहू, 19 वर्षीय राज साहू और 17 वर्षीय श्लोक यादव शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज बीडीएम अस्पताल में चल रहा है। इन लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय निवासियों में आक्रोश है। नागरिकों ने महाराणा प्रताप बस स्टैंड के पास स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि वाहनों की गति को नियंत्रित किया जा सके और सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *