चाइनीज मांझा के घायलों को मुआवजा देने की मांग:नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, कार्रवाई के नाम पर एफआईआर न करने पर भी उठाए सवाल

राजधानी रायपुर में चाइनीज मांझा से हो रही दुर्घटनाओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध के बावजूद शहर में चाइनीज मांझा खुलेआम बिक रहा है, जिससे आम नागरिकों की जान खतरे में पड़ रही है। नेता प्रतिपक्ष ने प्रशासन से इस पर तत्काल और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। हाल ही में घायल हुईं नेहा यादव और संकल्प द्विवेदी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने दोनों घायलों को 2-2 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है। आकाश तिवारी ने कहा कि मकर संक्रांति के बाद से शहर में चाइनीज मांझा से जुड़े कई हादसे सामने आए हैं। राह चलते लोग, दोपहिया वाहन चालक और बच्चे इसकी चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार घटनाएं होने के बावजूद जिला प्रशासन और नगर निगम सिर्फ औपचारिक कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। FIR नहीं, सिर्फ जब्ती तक सीमित कार्रवाई नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हर साल चाइनीज मांझा जब्ती की खबरें सामने आती हैं, लेकिन दुकानदारों पर न तो FIR दर्ज होती है और न ही सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश की जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रतिबंधित मांझा आखिर बाजार तक पहुंच कैसे रहा है और इसकी सप्लाई चेन तोड़ने में प्रशासन क्यों असफल हो रहा है। प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग आकाश तिवारी ने कहा कि यह मामला केवल पतंगबाजी का नहीं, बल्कि जन सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने मांग की कि चाइनीज मांझा बेचने और सप्लाई करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। नेता प्रतिपक्ष ने साफ कहा कि जब तक चाइनीज मांझा की बिक्री पूरी तरह बंद नहीं होती और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक ऐसे हादसे रुकने वाले नहीं हैं। आज भी प्रशासन ने चाइनीज मांझा किया जब्त राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के खिलाफ नगर निगम और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम टीम ने जोन 4 में औचक निरीक्षण किया गया। बूढ़ापारा के मोती पतंग भंडार और सत्ती बाजार के संजय पतंग भंडार में छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान मोती पतंग भंडार से 110 नग और संजय पतंग भंडार से 55 नग प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त किया गया। दोनों दुकानों के संचालकों को भविष्य में चाइनीज मांझा मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की स्पष्ट चेतावनी दी गई है। मामले में छत्तीसगढ़ राज्य पर्यावरण संरक्षण मंडल के निर्देशानुसार आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है। दरअसल, मकर संक्रांति के दौरान राजधानी के गली-मोहल्लों में पतंगबाजी के बीच चाइनीज मांझा जानलेवा साबित हुआ। हाल के दिनों में इससे जुड़े गंभीर हादसे सामने आए हैं। कुछ दिन पहले एक युवती का होंठ चाइनीज मांझा से कट गया था, जबकि ताजा घटना में एक युवक के होंठ और गाल बुरी तरह कटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं और नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने चाइनीज मांझा की बिक्री और भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। नगर निगम ने साफ किया है कि आगे भी शहर के अलग-अलग इलाकों में ऐसे दुकानों पर निरंतर जांच और कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि किसी भी तरह की जनहानि को रोका जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *