छिंदवाड़ा में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर बेनटेक्स ज्वेलरी बेचने वाले रामगिरी गोस्वामी का गला कट गया। उन्हें बचाने तीन ऑपरेशन किए गए। 43 टांके आए हैं। उन्हें लिक्विड डाइट पर रखा गया है। डॉक्टर्स ने तीन महीने आराम करने की सलाह दी है। यह घटना 2 जनवरी की है, जब वे अपनी पत्नी के साथ चांद, बीसापुर कला और लिंगा होते हुए छिंदवाड़ा लौट रहे थे। चंदन गांव स्थित शराब भट्टी के पास सड़क पर फैला चाइनीज मांझा अचानक उनके गले में लिपट गया, जिससे गला बुरी तरह कट गया। पत्नी की सूझबूझ से बची जान
मांझा लगते ही मौके पर खून तेजी से बहने लगा। पीछे बैठी पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत अपने दुपट्टे और रुमाल से रामगिरी का गला बांधा और रक्तस्राव रोकने का प्रयास किया। साथ ही उन्होंने रामगिरी के दोस्तों को फोन कर घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी खून रोकने में मदद की। कुछ ही देर में दोस्त मौके पर पहुंचे और उन्हें दोपहिया वाहन से पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने नागपुर रेफर करने की सलाह दी, जिसके बाद दूसरे अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। आहार नली तक कट, तीन ऑपरेशन
डॉक्टरों के अनुसार चाइनीज मांझे से गला इतनी गहराई तक कट गया था कि आहार नली तक दिखाई देने लगी थी। इलाज के दौरान अलग-अलग समय पर तीन ऑपरेशन किए गए। करीब चार दिन के इलाज के बाद हालत में सुधार हुआ और फिलहाल रामगिरी खतरे से बाहर हैं। घर लौटे, फिलहाल लिक्विड डाइट पर
बुधवार को रामगिरी घर लौट आए हैं, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक ठोस भोजन न लेने की सलाह दी है। फिलहाल वे सिर्फ लिक्विड डाइट पर हैं और नियमित इलाज जारी है। इलाज में करीब 40 हजार रुपए खर्च हो चुके हैं। बेनटेक्स ज्वेलरी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले रामगिरी के लिए यह घटना आर्थिक रूप से भी बड़ा झटका है। डॉक्टरों ने उन्हें आगामी तीन महीने तक पूर्ण आराम करने की सलाह दी है, जिससे इस दौरान वे काम नहीं कर पाएंगे। चाइनीज मांझे पर कार्रवाई पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध और कार्रवाई के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रतिबंध के बावजूद यह मांझा खुलेआम उपलब्ध है और लगातार लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए वाहन चालकों से सतर्कता बरतने और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग एक बार फिर तेज हो गई है।


