चाईबासा के कराईकेला में महिला की हत्या:बाजार से लौटते समय हमलावरों ने सिर पर किया वार, वारदात के वक्त 9 साल का बेटा भी था साथ

पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक 31 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। यह घटना बालपोस मैदान के समीप सुनसान इलाके में हुई, जिससे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। मृतका की पहचान किशनुपुर गांव निवासी मेलगांडी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह शुक्रवार को कराईकेला साप्ताहिक बाजार गई थीं। बाजार से लौटते समय शाम करीब 5:30 बजे बालपोस टांड़ के पास घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर कई वार किए। हमले में महिला के सिर से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने तत्काल परिजनों को इसकी जानकारी दी। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर भेजा गया था। हालांकि, शाम हो जाने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इसके बाद शव को रेलवे अस्पताल चक्रधरपुर के शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है। होमगार्ड बहाली में चयन हुआ था बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतका का 9 वर्षीय पुत्र विवेक मेलगांडी भी उनके साथ मौजूद था। बालक सदमे में है और फिलहाल पुलिस को कोई ठोस जानकारी नहीं दे पा रहा है। पुलिस अज्ञात हत्यारों की तलाश में जुट गई है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि मृतका मेलगांडी का हाल ही में होमगार्ड बहाली में चयन हुआ था। पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *