भास्कर न्यूज | अमृतसर देहाती पुलिस ने मार्च 2025 के एक हत्या मामले में फरार चल रहे बलजिंदर सिंह उर्फ बॉबी को मुठभेड़ में काबू किया। डीआईजी बार्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि एसएसपी देहाती सुहेल मीर को गुप्त सूचना मिली थी कि बलजिंदर सिंह चाटीविंड इलाके में छिपा हुआ है, जो तरनतारन में मार्च 2025 में जगदीप सिंह हत्याकांड का मास्टरमाइंड है। सूचना मिलते ही डीएसपी अटारी की अगुवाई में टीमों का गठन किया गया और इलाके में नाकाबंदी कर दी गई। नाकाबंदी के दौरान जब पुलिस टीमों ने स्कूटी पर सवार आरोपी को रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली बलजिंदर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। आरोपी से ग्लॉक पिस्टल बरामद हुआ है। डीआईजी गोयल ने बताया कि बलजिंदर सिंह उर्फ बॉबी के खिलाफ कुल 4 मामले दर्ज हैं। इनमें एक हत्या का और 3 केस एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


