चाय पी रहे युवक पर धारदार हथियार से हमला:वारदात कर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान की

बूंदी के नैनवां में नगर पालिका के पीछे बायपास रोड पर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में घायल रामरेश मीणा (22) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों की पहचान कर ली है और अन्य की तलाश जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रामरेश मीणा नगर पालिका के पीछे एक थड़ी पर चाय पी रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर आए कुछ अज्ञात हमलावरों ने उस पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर तुरंत मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल रामरेश को तत्काल नैनवां उप जिला अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे बूंदी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। नैनवां थाना के एएसआई रमेश ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों की पहचान कर ली है। इनमें जीतू चिता (निवासी चीता की झोपड़ियां) और विनोद गुर्जर (निवासी काला माल) शामिल हैं। पुलिस इन आरोपियों और अन्य फरार हमलावरों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कर अभियान चला रही है। नैनवां थाना अधिकारी सहदेव मीणा के अनुसार, घायल रामरेश पुत्र रामनिवास मीणा (22) टोंक जिले के छान गांव का निवासी है। आरोपियों ने हमला चाकू से किया है या किसी अन्य औजार से अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है( पुलिस के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *