चारामा के मतदान केंद्र में दिव्यांग वोटरों की उपेक्षा:बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान के लिए वॉकर से ले जाना पड़ा, 3 घंटे बाद पहुंची व्हीलचेयर

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामा जनपद पंचायत के मतदान केंद्र माहुद में दिव्यांग मतदाताओं के साथ लापरवाही सामने आई है। मतदान केंद्र में व्हीलचेयर की व्यवस्था नहीं होने के कारण दिव्यांग मतदाताओं को वॉकर (स्ट्रेचर जैसा उपकरण) की मदद से ले जाया गया। 17 फरवरी को सुबह 6:45 बजे से मतदान शुरू हुआ, लेकिन व्हीलचेयर की व्यवस्था सुबह 10 बजे के बाद ही की गई। मतदान केंद्र माहुद में 15 बुजुर्ग दिव्यांग मतदाताओं की पहचान की गई थी, जिन्हें शुरुआती घंटों में वॉकर से ले जाना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। हिंदू जागरण मंच कांकेर के जिला संयोजक भूपेश सिंहसार ने बताया कि मतदान केंद्र अधिकारियों से बार-बार संपर्क करने के बाद ही व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई। चारामा जनपद पंचायत के अंतर्गत कुल 133 मतदान केंद्र हैं। यह घटना चुनाव प्रशासन की लापरवाही को दर्शाती है, क्योंकि चुनाव की तिथि पहले से तय थी और व्हीलचेयर की व्यवस्था अनिवार्य है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *