लुधियाना| चार दोस्तों की वीडियो बनाने पर हुए सवाल-जवाब के बाद दो युवकों ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी। घटना शनिवार को न्यू जनता नगर में शनिवार दोपहर 1 बजे हुई है। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ऋषिजीत सिंह, निवासी न्यू शिमलापुरी, ने बताया कि वह अपने दोस्त रणधीर सिंह से मिलने उसके घर गया था। रणधीर से मुलाकात के बाद वह अपने तीन दोस्तों-आकाश कपूर, सनी और विक्की के साथ लौट रहा था। इसी दौरान रणधीर के घर के बाहर कुछ युवक उनकी वीडियो बना रहे थे। ऋषिजीत और उसके दोस्तों ने वीडियो बनाने का कारण पूछा तो युवक बहस पर उतर आए। बात बढ़ने पर उन्होंने अपने साथी को बुला लिया और चारों दोस्तों की पिटाई कर दी। घटना के बाद पीड़ितों ने थाना शिमलापुरी में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी महेंद्र पाल सिंह, निवासी जनता कॉलोनी, और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।