चार हाईमास्ट लाइटें लगने के बाद रात में भी होंगे मैच, ड्रेसिंग रूम बनेगा, पवेलियन भी सुधरेगा

भास्कर न्यूज | बारां शहर के स्टेशन रोड स्थित श्रीराम स्टेडियम के अब दिन बदलने वाले हैं। पीडब्ल्यूडी की ओर से करीब दो करोड़ रुपए की लागत से यहां विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इसी सप्ताह इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जिसके बाद काम गति पकड़ेगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत स्टेडियम में 25-25 लाख रुपए की लागत से चार आधुनिक हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। इन लाइटों के लगने के बाद यहां रात्रिकालीन मैच और अभ्यास सत्र आयोजित किए जा सकेंगे। फिलहाल समुचित रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से शाम के बाद खेल गतिविधियां प्रभावित होती हैं। हाईमास्ट लाइटें लगने से खिलाड़ियों को समय की पाबंदी से राहत मिलेगी और बड़े टूर्नामेंट कराने में भी सुविधा होगी। विकास कार्यों में पवेलियन का उन्नयन, ड्रेसिंग रूम का निर्माण एवं सुधार, मैदान में गुणवत्तापूर्ण घास और खिलाड़ियों के लिए अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार शामिल है। वर्तमान में मैदान पूरी तरह व्यवस्थित नहीं होने से खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान परेशानी उठानी पड़ती है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती है। ^शहर के श्रीराम स्टेडियम में करीब दो करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य करवाए जाएंगे। इसके तहत आधुनिक हाई मास्ट लाइटें, पवेलियन निर्माण व ग्रास डेवलेपमेंट आदि कार्य करवाए जाएंगे। मुख्यालय से इसकी स्वीकृति मिल गई है। इसी सप्ताह में टेंडर प्रक्रिया शुरु कर दी जाएगी। – रचित शर्मा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी इस मैदान में समय-समय पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं भी आयोजित होती हैं। बावजूद इसके, आधारभूत सुविधाओं के अभाव में आयोजकों और खिलाड़ियों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पवेलियन और ड्रेसिंग रूम की सीमित व्यवस्था, प्रकाश की कमी और मैदान की बदहाली लंबे समय से बनी हुई थी। स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का कहना है कि स्टेडियम का आधुनिकीकरण होने से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलेगा। बल्कि जिले में खेल को भी बढ़ावा मिलेगा। रात में मैच आयोजित होने से दर्शकों की भागीदारी भी बढ़ेगी। यदि तय समय पर कार्य पूरे हो जाते हैं तो श्रीराम स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *