चास नगर निगम में डिप्टी मेयर की कुर्सी पर घमासान, 35 पार्षदों पर निगाहें

चास नगर निगम में मेयर पद का चुनाव संपन्न होते ही अब डिप्टी मेयर की कुर्सी को लेकर जोड़-तोड़ तेज हो गया है। निगम के 35 नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों पर सभी दावेदारों की निगाहें टिकी हैं। राजनीतिक सरगर्मी इस कदर बढ़ गई है कि पार्षदों से व्यक्तिगत मुलाकात, फोन कॉल और बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। इसके लिए राजनीतिक पार्टी के नेता भी सक्रिय हैं। हालांकि चास के चौक-चौराहों में तरह-तरह की बातें हो रही है। इसमें यह भी कहा जा रहा है कि इसके लिए नव निर्वाचित वार्ड पार्षदों को अपने पक्ष में करने के लिए बोली लगाई जा रही है। वार्ड पार्षद भी अभी चुप्पी साधे हुए हैं और समय का इंतजार कर रहे हैं। मेयर का शपथ ग्रहण से लेकर उपाध्यक्ष चुनाव और शपथ के लिए आयोग की ओर से 9 मार्च को अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। इसके साथ ही 17 मार्च को इनका शपथ ग्रहण हो जाएगा और चास नगर निगम की सरकार का कार्यकाल शुरू हो जाएगा। आयोग के अनुसार पार्षदों के निर्वाचन परिणाम जिला गजट में प्रकाशित होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर नगर निगम की प्रथम बैठक आयोजित की जाएगी। इसी दिन से निकाय का पंचवर्षीय कार्यकाल प्रभावी माना जाएगा। इस बैठक की कार्य सूची में केवल दो विषय होंगे, मेयर पार्षदों का शपथ ग्रहण तथा डिप्टी मेयर का निर्वाचन। शपथ ग्रहण में पहले मेयर को अधिकृत पदाधिकारी शपथ दिलाएंगे। इसके बाद सभी निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई जाएगी। पूरी बैठक की वीडियोग्राफी कर उसकी प्रति आयोग को उपलब्ध कराई जाएगी। निर्वाचित वार्ड पार्षद करेंगे अपना मतदान डिप्टी मेयर का चुनाव परोक्ष (अप्रत्यक्ष) प्रणाली से होगा। यानी आम मतदाता इसमें हिस्सा नहीं लेंगे, बल्कि केवल निर्वाचित वार्ड सदस्य ही मतदान करेंगे। मेयर इस चुनाव में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। जीते हुए वार्ड पार्षदों में से कोई भी डिप्टी मेयर के लिए उम्मीदवार बन सकते हैं। इस पद के लिए किसी भी प्रकार का आरक्षण लागू नहीं है। ​कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले सभी वार्ड सदस्यों का शपथ ग्रहण होगा। मेयर को प्रमंडलीय आयुक्त शपथ दिलाएंगे। इसके बाद डिप्टी मेयर के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। समर्थन जुटाने के लिए रणनीति और संपर्क कर रहे दावेदार डिप्टी मेयर के लिए पूर्व उपाध्यक्ष अविनाश कुमार की प|ी भी इस बार रेस में बताई जा रही हैं। उनके समर्थक पार्षदों से संपर्क साधकर अनुभव और निरंतरता का हवाला दे रहे हैं। वहीं वार्ड पार्षद सुमन राय और सुनील कुमार महतो भी एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं। दोनों अपने-अपने समर्थक गुट को मजबूत करने में जुटे हैं और समर्थन जुटाने के लिए रणनीतिक बैठकों का सिलसिला जारी है। उधर, हाल ही में मेयर पद का चुनाव जीत चुके भोलू पासवान भी सक्रिय भूमिका में नजर आ रहे हैं। वे चाहते हैं कि डिप्टी मेयर पद पर उनके खेमे का पार्षद बैठे, ताकि बोर्ड में तालमेल बना रहे और विकास कार्यों में कोई अड़चन न आए। सूत्रों के अनुसार, कई पार्षद मेयर के संपर्क में हैं और चाह रहे हैं कि वे खुलकर कैंपेनिंग करें, जिससे डिप्टी मेयर की कुर्सी सुनिश्चित की जा सके। नगर निगम की राजनीति में समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। छोटे-छोटे गुट भी निर्णायक भूमिका में आ सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में पार्षदों की एकजुटता और रणनीति ही तय करेगी कि डिप्टी मेयर की कुर्सी किसके हिस्से में जाएगी। फिलहाल चास की सियासत में हलचल चरम पर है और हर खेमे की नजर अब अंतिम संख्या पर टिकी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *