चास नगर निगम व फुसरो नगर परिषद के मतों की गणना 27 फरवरी को सुबह आठ बजे से होगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। नगर निगम चास के मेयर के मतों की गिनती के लिए 28 टेबल बनाया जाएगा। वहीं वार्ड पार्षद के मतों की गिनती उसी टेबल पर होगी। जबकि फुसरो नगर परिषद के अध्यक्ष पद की गिनती के लिए 18 टेबल बनाए जाएंगे। यहां फुसरो के सभी वार्डों के पार्षदों की गिनती होगी। मतों की गिनती बाजार समिति चास में होगी। इसकी तैयारी की जानकारी के लिए डीईओ सह डीसी अजयनाथ झा चास बाजार समिति पहुंचे। उन्होंने चास बाजार समिति स्थित रिसिविंग सेंटर, वज्र गृह और मतगणना केंद्र में संचालित तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण कर समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतगणना से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण की जाए। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, लॉजिस्टिक, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, प्रवेश-निकास मार्ग, सीसीटीवी निगरानी एवं नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था का भी जायजा लिया। मालूम हो कि 23 फरवरी को मतदान के बाद बाजार समिति में बने वज्र गृह में मतपेटियों को रखा जाएगा। मतपेटियों को रखने के बाद प्रेक्षक की देखरेख में वज्र गृह को सील कर दिया जाएगा। वज्र गृह पूरी तरह बिजली रहित रहेगा। बैरिकेटिंग, टेबल व्यवस्था व कर्मियों के लिए सुविधाओं पर विशेष जोर डीईओ सह डीसी ने मतगणना केंद्र में बैरिकेडिंग की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने, मतगणना टेबल की संख्या निर्धारित मानक के अनुरूप रखने तथा प्रत्येक टेबल के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने मतगणना हॉल में पार्टीशन को कपड़े से सुव्यवस्थित ढंग से ढंकने और अभ्यर्थियों व एजेंटों के लिए निर्धारित स्थान सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त मतदान एवं मतगणना कर्मियों के लिए अल्पाहार, पेयजल एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। मतपत्र विखंडीकरण व सामग्री पैकेट की जांच मीडिया सेंटर एवं मेडिकल सेंटर की समुचित व्यवस्था के निर्देश डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण, सामग्री तैयारियों की समीक्षा सेक्टर 08-बी स्थित डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल में बनाए गए डिस्पैच सेंटर का भी डीईओ सह डीसी ने निरीक्षण किया। यहां मतपत्र – मत पेटिका कोषांग सामग्री आदि की सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित भंडारण की व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सामग्री का संधारण निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए तथा डिस्पैच की प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं हो। निरीक्षण के दौरान मतपत्र विखंडीकरण कार्य और मतदान कर्मियों के लिए सामग्री पैकेट तैयार करने की प्रक्रिया का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान डीडीसी शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, चास एसडीओ प्रांजल डांढा, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. शफीक आलम, डीटीओ मारुति मिंज, जिला भू अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी आदि उपस्थित थे। निरीक्षण के क्रम में मीडिया प्रतिनिधियों के लिए मीडिया सेंटर स्थापित करने के लिए स्थान चिन्हित कर पंडाल निर्माण कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साउंड सिस्टम, विद्युत बैकअप एवं बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मेडिकल सेंटर के लिए भी अलग स्थान चिन्हित कर प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।


