चित्तौड़गढ़ में केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की तीन कार्रवाई:भारी मात्रा में डोडाचूरा और अफीम जब्त, तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़ जिले में केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीमों ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं। यह कार्रवाई केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की सेकंड डिवीजन, चित्तौड़गढ़ सेल और जयपुर सेल द्वारा की गई। अधिकारियों के अनुसार तीन अलग-अलग मामलों में डोडा चूरा और अफीम बरामद की गई है। सभी मामलों में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 के तहत कार्रवाई की गई है। अरनिया माली के पास गाड़ी से 96.680 किलो डोडा चूरा जब्त पहली कार्रवाई केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, चित्तौड़गढ़-2 डिवीजन की टीम ने निंबाहेड़ा क्षेत्र में की। टीम को पक्की खुफिया सूचना मिली थी कि अरनिया माली–निंबाहेड़ा रोड पर एक गाड़ी में अवैध डोडा चूरा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने संदिग्ध मार्ग पर निगरानी रखी और अरनिया माली गांव के पानी वाले पुल के पास एक टाटा टियागो गाड़ी को रोका। गाड़ी में दो लोग सवार थे, जिनमें से एक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। तलाशी लेने पर गाड़ी से कुल 96.680 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए डोडा चूरा और गाड़ी को जब्त कर लिया गया। एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया है और मामले की आगे जांच जारी है। नीमच के जावद गांव में घर से 5.950 किलो अफीम मिली दूसरी कार्रवाई चित्तौड़गढ़ सेल की टीम ने मध्यप्रदेश के जिला नीमच के जावद गांव में की। टीम को सूचना मिली थी कि एक घर में अवैध अफीम छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर टीम ने वहां छापा मारा और तलाशी के दौरान 5.950 किलोग्राम अफीम बरामद की। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध व्यक्ति ने सहयोग नहीं किया और बेहोशी का नाटक करने लगा। इसके बावजूद टीम ने पूरी कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए अफीम को जब्त कर लिया। संदिग्ध को आगे की जांच के लिए चित्तौड़गढ़ के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। विभाग का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। हाईवे पर मोटरसाइकिल से 3.687 किलो अफीम बरामद तीसरी कार्रवाई केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की जयपुर सेल ने उदयपुर–चित्तौड़गढ़ हाईवे पर की। टीम ने चामुंडा राठा जी हिमाचल पंजाब होटल के पास एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को रोका। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से जुड़े बैग में रखे तीन पॉलीथीन बैगों से कुल 3.687 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अफीम और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि तीनों मामलों में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *