चित्तौड़गढ़ में साल 2024 कई चर्चाओं वाला रहा। इस साल कई बड़े हादसे हुए तो लोकसभा चुनाव में सीपी जोशी पहले हैट्रिक लगाने वाले सांसद बने। यह साल सांसद जोशी और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के मनमुटाव और उसके बाद सुलह का भी रहा। वहीं, सभापति संदीप शर्मा के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की चर्चा भी जोरों शोरों से हर गलियारों में सुनने को मिली। इससे उपजे विवाद के कारण सदर थाने में तीन-तीन मामले दर्ज हुए। जिला कलेक्टर सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों का फेरबदल हुआ। दुर्ग पर अतिक्रमण का मामला भी छाया रहा। UIT में हुई गड़बड़ियों का भी खुलासा हुआ। गर्मियों में हिन्दुस्तान जिंक के द्वारा की गई भू-जल दोहन का मामला भी खूब चला। पैलेस ऑन व्हील्स के पर्यटकों को दुर्ग पर हुई परेशानी के बाद फीडबैक को लेकर भी हलचल मचा। इसके अलावा, यह साल खुशियों का भी रहा। जहां इस साल 498 साल बाद महाराणा के पगड़ी दस्तूर की मेजबानी करने का मान सम्मान चित्तौड़गढ़ दुर्ग को मिला। वहीं, सांवरा सेठ के दर पर खुशियों के नोट भी बरसे। श्री सांवलिया जी में रिकॉर्ड तोड़ काफी दान मिला। चित्तौड़गढ़ लोकसभा सीट पर सीपी जोशी की हैट्रिक:कांग्रेस प्रत्याशी उदयलाल आंजना को 3 लाख 89 हजार वोटों से हराया चित्तौड़गढ़ लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी और प्रदेशाध्यक्ष सीपी की जीत हुई है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी उदयलाल आंजना को 3 लाख 89 हजार 877 वोटों से हराया। इस चुनाव में सीपी जोशी को कुल 8 लाख 88 हजार 202 वोट मिले। वहीं उदयलाल आंजना को 4 लाख 98 हजार 325 वोट हासिल हुए। इस जीत के साथ ही जोशी ने जीत की हैट्रिक लगाई। जोशी 2014 के चुनाव में 3 लाख 16 हजार 857 वोटों से जीते थे। हालांकि 2019 की जीत के आंकड़े का रिकॉर्ड वो नहीं तोड़ पाए। विश्वराज सिंह मेवाड़ राजगद्दी पर विराज:फतेहप्रकाश महल में यज्ञ से हुई शुरुआत, सलूंबर के राव ने किया खून से तिलक उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य महेंद्र सिंह मेवाड़ की डेथ के बाद अब उनके बड़े बेटे इस राजगद्दी को संभालेंगे। इसका आयोजन सोमवार को फतह प्रकाश महल में हुआ। सुबह करीब 7 बजे से ही यज्ञ-हवन से इसकी शुरुआत हुई। सलूंबर के राव अपनी तलवार से अपने अंगूठे में चीरा लगाकर विश्वराज सिंह मेवाड़ की ललाट पर तिलक किया। उनके पगड़ी दस्तूर की मेजबानी करने का मौका चित्तौड़गढ़ को मिला। महाराणा सांगा के निधन के बाद उनके बड़े बेटे भोजराज को पदवी मिलना चाहिए था। लेकिन उनकी पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। फिर उनके दूसरे बेटे रतन सिंह द्वितीय ने 1528 से 1531 तक ये गद्दी संभाली। उनके मृत्यु के बाद इसपर राणा विक्रमादित्य ने 1531 से 1536 तक मेवाड़ की राजगद्दी को संभाला। उनका राजतिलक चित्तौड़गढ़ में आखिरी राजतिलक माना गया है। लगभग 493 साल बाद वापस राज तिलक चित्तौड़गढ़ में हुआ। तस्करों ने नारकोटिक्स अफसर को गोली मारी:टोल पर बोलेरो को इनोवा से ठोंका; डोडाचूरा पकड़ने नीमच से राजस्थान गई थी टीम केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की नीमच टीम ने फिल्मी अंदाज में डोडाचूरा से भरी इनोवा कार जब्त की है। इस दौरान एक आरोपी फायरिंग करते हुए भाग निकला। गोलीबारी में एक अफसर घायल हुआ है। वाहन की टक्कर से दो कर्मचारी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के मंगलवाड़ के पास नारायणपुरा टोल प्लाजा का है। कार्रवाई शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे की है। इसका वीडियो शनिवार को सामने आया है। सीबीएन की टीम ने इनोवा कार से 345 किलो से ज्यादा डोडाचूरा जब्त किया है। बताया जा रहा है कि डोडाचूरा उदयपुर ले जाया जा रहा था। चित्तौड़गढ़ दुर्ग की व्यवस्थाओं को देख पर्यटक हुए नाराज:दीपावली पर पैलेस ऑन व्हील्स में आए थे विदेशी पर्यटक; खराब अनुभव का दिया फीडबैक चित्तौड़गढ़ में पिछले दिनों शाही ट्रेन से आए विदेशी पर्यटकों ने चित्तौड़गढ़ दुर्ग की व्यवस्थाओं पर नेगेटिव फीडबैक दिया था। जिस पर पैलेस ऑन व्हील्स के निदेशक ने जिला कलेक्टर को एक पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप करने की बात कही थी। इस पर जिला कलेक्टर ने एक्शन लिया और ASI के अधिकारी को तुरंत सुधार के निर्देश दिए। इस तुरंत एक्शन से खुश होकर पैलेस ऑन व्हील्स के निदेशक और ओएंडएम ऑपरेटर ने जिला कलेक्टर को थैंक यू लेटर भेजा। साथ ही उनके नेतृत्व क्षमता की तारीफ की। चित्तौड़गढ़ में सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार, झूठे केस में फंसाया था:तस्कर के साथ एमडी मामले में फंसाया था; पहले ही हो चुका था निलंबित चित्तौड़गढ़ में तस्करों से मिलकर एक व्यक्ति के खिलाफ साजिश कर कार्रवाई करने के मामले में तत्कालीन मंडफिया थानाधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसी मामले में सब इंस्पेक्टर यशवंत सोलंकी को पहले ही निलंबित कर दिया गया था। पोखर खटीक के पकड़े जाने के बाद यह मामला आगे बढ़ा है। सोलंकी को जोधपुर से डिटेन किया गया है। 15 लाख के चांदी के नए झूले में विराजे शालिग्राम:60 हजार के नोटों से हुआ विशेष श्रृंगार, सावन में भगवान को श्रद्धालु झुलाते हैं झूला मेवाड़ के कृष्णधाम श्री सांवलियाजी में इस सावन महीने में भगवान के बाल स्वरूप शालिग्राम जी नए झूले में विराजे हैं। इस झूले को भेंट करने वाले श्रद्धालु ने अपना नाम गुप्त रखा है। यह झूला लकड़ी का बना हुआ है लेकिन इसमें 14 किलो 600 ग्राम की चांदी की परतें लगाई हुई हैं। इस झूले की कीमत लगभग 15 लाख रूपये बताई जा रही है। इसके अलावा ओसरा पुजारी ने भगवान सांवरा सेठ का नोटों से विशेष श्रृंगार किया है जो सबको अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। पूर्व सभापति संदीप शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज:महिला ने लगाया अलग-अलग होटलों में ले जाकर रेप का आरोप नगर परिषद के पूर्व सभापति संदीप शर्मा के वायरल वीडियो के मामले में एक नया मोड़ आया है। MLA चंद्रभान सिंह आक्या के खिलाफ मामला दर्ज करवाने वाली पीड़िता ने अब संदीप शर्मा पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए बीती रात सदर थाने में मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने पूर्व चेयरमैन शर्मा पर अलग-अलग राज्यों के होटलों में ले जाकर उससे दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। बता दें कि पूर्व चेयरमैन और पीड़िता के शादी वाले फोटो, वीडियो पहले ही वायरल हुए थे। उन फोटो, वीडियो को पीड़िता ने एडिटिंग वाले फोटो-वीडियो बताकर चित्तौड़गढ़ विधायक पर षड्यंत्र करने का आरोप लगाया था। इस मामले में डीएसपी विनय चौधरी ने पुष्टि की है। पूर्व सभापति यौन शोषण मामले में नया मोड़:महिला और उसके पति पर लगाया हनी ट्रैप का आरोप, सदर थाने में केस दर्ज पूर्व सभापति द्वारा एक महिला के साथ अलग-अलग जगहों पर दुष्कर्म के मामले में अब नया मोड़ आया है। पूर्व सभापति को गिरफ्तारी पर स्टे मिलने के बाद अब उन्होंने चित्तौड़गढ़ सदर थाने में महिला और उसके पति के खिलाफ हनी ट्रैप का मामला दर्ज करवाया है। संदीप शर्मा ने महिला और उसके पति पर आरोप लगाते हुए बताया कि महिला ने पहले उन्हें प्रेम जाल में फंसा कर शारीरिक संबंध बनाए और उसके बाद बड़ी रकम की मांग की। अब पूर्व सभापति ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। बता दें कि सदर थाने में संदीप शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने उन्हें फरार घोषित कर दिया था। अलग-अलग टीम राजस्थान और राजस्थान के बाहर ढूंढती रहीं लेकिन इतने दिनों में पुलिस संदीप शर्मा तक नहीं पहुंच पाई। चित्तौड़गढ़ में सीताफल की 31 किस्मों पर रिसर्च:कम पानी में सर्वाइव करने वाला पौधा, पल्प भी बिकता है; ट्रेनिंग ले रहे किसान चित्तौड़गढ़ के कस्टर्ड एपल (सीताफल) एक्सीलेंस रिसर्च सेंटर ने रामफल और हनुमान फल वैराइटी समेत 31 किस्मों पर रिसर्च किया जा रहा है। इतना ही नहीं, राजस्थान की जलवायु में पनपने में 28 किस्में कामयाब साबित हुई हैं। राजस्थान का एक बड़ा हिस्सा रेगिस्तानी और कम बारिश वाला क्षेत्र है। ऐसे में यहां किसान उतने समृद्ध नहीं हैं जितने पंजाब, महाराष्ट्र या कर्नाटक में। लेकिन, राजस्थान सरकार का कृषि और पशुपालन विभाग लगातार खेती और बागवानी को लेकर रिसर्च कर रहा है। सीमेंट प्लांट में ऊंचाई से गिरे इंजीनियर की मौत:पिता बोले- बेटे को टॉर्चर कर रहे थे; एक महीने बाद ही बहू की डिलीवरी आदित्य सीमेंट प्लांट में एक इंजीनियर की ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई। इंजीनियर साइट पर चेकिंग करने गया था। बेटे की मौत की सूचना पर पहुंचे पिता फूट-फूटकर रोने लगे। बोले- बेटा एक महीने बाद ही पिता बनने वाला था। उसकी हत्या की गई है। मामला चित्तौड़गढ़ के शंभूपुरा इलाके सावा गांव का शनिवार सुबह 11 बजे का है। ASI जगवीर सिंह ने बताया कि मांडल, भीलवाड़ा निवासी निखिल (28) प्लांट पर जनरल शिफ्ट में ड्यूटी पर था। कुछ देर बाद ड्राई फ्लैश प्रोजेक्ट साइट पर गया और साइलो के ऊपर चेकिंग कर रहा था। इस दौरान निखिल नीचे गिर गया। साथियों ने देखा तो उसे प्लांट के हॉस्पिटल ले गए, जहां से उसे जिला हॉस्पिटल रेफर किया गया। दोपहर 1 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर छोटा भाई प्रफुल्ल कुमार पहुंचा। सांवलिया सेठ के भंडार से निकले रिकॉर्ड 35 करोड़ रुपए:इस बार 2 महीने बाद काउंटिंग; 2 किलो से ज्यादा सोना और 188 किलो चांदी मिली चित्तौड़गढ़ के सांवलिया सेठ मंदिर में इस बार दान का रिकॉर्ड बना है। दो महीने में सांवरा सेठ मंदिर में करीब 35 करोड़ रुपए का दान मिला है। इस बार रिकॉर्ड तोड़ रुपयों के साथ-साथ 2 किलो सोना, करीब 188 किलो चांदी और कई देशों की करेंसी भी मिली है। पिछले साल इसी समय दो महीने के भंडार से करीब 17 करोड़ रुपए मिले थे। सांवलिया सेठ मंदिर में हर महीने चतुर्दशी तिथि पर दानपात्र खुलते हैं। इस बार दीपावली पर दानपात्र नहीं खुला था। ऐसे में 2 महीने बाद दानपात्र खुले हैं। 30 नवंबर को खुले दान पात्रों से निकले दान की गिनती शुक्रवार शाम को खत्म हो गई। फ्री एंट्री नहीं मिली तो वॉटर पार्क में चलाया बुलडोजर:जबरन घुसे 100 लोगों ने मचाया उत्पात, फायरिंग की; पूर्व प्रधान का हाथ टूटा चित्तौड़गढ़ जिले में करीब 100 लोग जेसीबी लेकर वॉटर पार्क में घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। एक साथ वॉटर पार्क में इतने लोगों के घुसने और हंगामा करने से वहां मौजूद लगभग 500 विजिटर्स में अफरातफरी मच गई। जबरन घुसे लोगों और वॉटर पार्क के स्टाफ के बीच हाथापाई भी हो गई। इसमें पूर्व प्रधान सहित छह लोग घायल हो गए। मामला गंगरार थाना इलाके में भीलवाड़ा जिले के बॉर्डर पर स्थित किंग्स वॉटर पार्क का गुरुवार दोपहर करीब एक बजे का है। हंगामे और तोड़फोड़ की सूचना पर गंगरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दी गई है। बताया जा रहा है कि वॉटर पार्क में फ्री में घुसने को लेकर विवाद हुआ था। इन लोगों का कहना था कि हम लोकल हैं तो हमारी एंट्री फ्री में होनी चाहिए। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और MLA आक्या में सुलह:सीएम हाउस में हुई मीटिंग; चंद्रभान ने जोशी के खिलाफ चुनाव लड़ने का किया था ऐलान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या में सुलह हो गई है। दोनों के बीच लोकसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करने पर सहमति बनी है। शनिवार देर रात तक जयपुर स्थित सीएम हाउस में मीटिंग चली। निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने मध्यस्थता की। चंद्रभान सिंह अब पूरा समर्थन बीजेपी को देने के लिए राजी हो गए हैं। मीटिंग में बीजेपी से निष्कासित कार्यकर्ताओं को भी वापस पार्टी में लेने की बात हुई है। इन कार्यकर्ताओं को दो दिन बाद औपचारिक रूप से पार्टी जॉइन करवाई जाएगी। अयोध्या में सरयू नदी की पुलिया पर मचा था हड़कंप:लाठी-गोलियां बरसा रही थी पुलिस, किसी कारसेवक का सिर फूटा तो कोई नदी में गिरा ‘मुझे 1990 और 1992 में कारसेवा के लिए अयोध्या जाने का मौका मिला। साल 1990 में सरयू नदी की पुलिया पार करने का नजारा भूल नहीं सकता। हजारों की संख्या में कारसेवक एक साथ पुलिया पार कर रहे थे। उनमें मैं भी था। आधी पुलिया चढ़ चुका था। आगे पुलिस लाठियां और गोलियां बरसा रही थी। पीछे से कारसेवकों का दबाव। पास से होकर गोली गुजर गई। डंडों के कारण बहुत लोगों के सिर फूटे, तो कुछ कारसेवक पुलिया से नीचे नदी में गिर गए। मैं भी गिरने वाला था, लेकिन मुझे बचा लिया गया। अयोध्या से भी गोलियों की आवाज पुलिया तक आ रही थी।’ यह कहना है चित्तौड़गढ़ के गांधीनगर निवासी कारसेवक गोविंद काबरा (76) का। साल 1990 में चित्तौड़गढ़ जिले से करीब 150 लोगों की टोली कारसेवा के लिए गई थी। इनमें से गोविंद काबरा भी शामिल थे। अब 22 जनवरी को राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव हो रहा है तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। इटली की मधुमक्खी से सालाना 60 लाख रुपए का टर्नओवर:शहद खरीद रहीं अंतरराष्ट्रीय कंपनियां; जिंदा रखने के लिए जम्मू-कश्मीर ले जाते हैं मधुमक्खी अपने डंक के कारण डराती है, लेकिन इसका इस्तेमाल बिजनेस के लिए किया जाए तो यह फायदे का सौदा है। भारत में मधुमक्खी पालन कर शहद जुटाने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। चित्तौड़गढ़ में दो भाइयों ने इटैलियन मेलिफेरा मधुमक्खी का पालन 13 साल पहले शुरू किया था। उन्होंने खुद की कंपनी प्रज्ञा इंटरप्राइजेज स्टार्ट की और मल्टीनेशनल कंपनियों को शहद उपलब्ध करा रहे हैं। इतना ही नहीं, मार्केट में अपना ब्रांड ‘हिल्स हनी’ भी सेल कर रहे हैं। मधुमक्खी पालन खेती-किसानी का ही हिस्सा है। इस बिजनेस से सिर्फ मधुमक्खी पालक को ही फायदा नहीं होता बल्कि ये मधुमक्खियां पराग कणों को भी एक से दूसरे स्थान पर ले जाती हैं। इससे फसल का प्रोडक्शन बढ़ता है और किसानों को फायदा होता है। होलिका की आग में गिरा व्यक्ति, हालत गंभीर VIDEO:बीच में लगा डंडा गिरा रहा था, कपड़ों ने आग पकड़ी राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में सोमवार देर रात एक व्यक्ति को होलिका दहन की आग से खिलवाड़ करना महंगा पड़ गया। आग के बीच में लगे डंडे को गिराने के लिए घुसा आदमी उसकी चपेट में आ गया। वीडियो में दिख रहा है कि वह आग के बीचोंबीच खड़ा है और जब उसके कपड़ों में आग लग गई तो आराम से टहलता हुआ बाहर निकल आया। इस खबर के कवर इमेज को क्लिक करके आप घटना का पूरा वीडियो देख सकते हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टर्स ने बताया कि उसका शरीर 50 फीसदी जला है। वह कमर के नीचे ज्यादा झुलसा है। प्लास्टिक पाइप फैक्ट्री में लगी भीषण आग, VIDEO:3 गोदाम में रखा माल-मशीन जलकर खाक, ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू चित्तौड़गढ़ के कपासन में सिंचाई प्लास्टिक पाइप बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी आग की लपटों को देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने नगर पालिका की फायर ब्रिगेड और कपासन पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद 2 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं आगजनी से 3 गोदाम में रखा माल और वहां लगी मशीनें जलकर खाक हो गई। घटना रीको इंडस्ट्रीज एरिया में कमल प्लास्टिक इंडस्ट्री फैक्ट्री में मंगलवार सुबह 4 बजे की है। मेनाल में पिकनिक मनाने गए 4 लोगों को बचाया:30 फीट बहकर लोग रेलिंग की चैन में अटके, लोगों ने मशक्कत कर सुरक्षित बाहर निकाला बेगूं क्षेत्र के मेनाल में शनिवार शाम 4 बजे पिकनिक मनाने आए चार लोग पानी के तेज बहाव में बहने लगे। जहां रेलिंग की सहायता से वहां मौजूद लोगों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। जैसे ही उन्हें बाहर निकाला गया तो वो पुलिस से बचने के लिए मौके से फरार हो गए। जब ये हादसा हुआ उसी वक्त बेगूं डीएसपी अंजलि सिंह और थानाधिकारी रविन्द्र सिंह चारण भी दूसरी तरफ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे थे। रावडदा पंचायत के सरपंच राजकुमार सेन और पुलिस जाप्ता भी मौके पर तैनात था। पुलिस पिकनिक मनाने आए लोगों को चट्टानों के बीच नहाते बाहर निकाल रही थी। इसी दौरान अचानक यह 4 लोग दूसरी तरफ नहाने पहुंच गए। दोस्ती तोड़ी इसलिए साथी महिला कॉन्स्टेबल को मारी थी गोली:डीएसपी के गनमैन ने खुद को भी शूट किया; पहले भी हुआ था झगड़ा महिला कॉन्स्टेबल ने DSP के गनमैन से दोस्ती के बाद दूरियां बढ़ाई तो गनमैन बर्दाश्त नहीं कर सका। गनमैन ने महिला कॉन्स्टेबल के रूम पर जाकर उसके सीने में सर्विस रिवॉल्वर से गोली मार दी। इसके बाद खुद को गर्दन पर गोली मार ली। दोनों के बीच कुछ दिन पहले भी विवाद हुआ था। घायलों की हालत स्थिर है और उदयपुर के गीतांजलि हॉस्पिटल में एडमिट हैं। गनमैन के खिलाफ जान से मारने के प्रयास और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। मामला चित्तौड़गढ़ के बेगूं का सोमवार शाम 6.30 बजे का है। थाने से 100 मीटर दूर महिला कॉन्स्टेबल पूनम मीणा को उसी के बैच (2023) के कॉन्स्टेबल सियाराम बैरवा ने गोली मार दी। जहां पूनम को गोली मारी गई उसी घर में थाने की एक और महिला कॉन्स्टेबल दिव्या भी रहती है। फायरिंग की आवाज सुनकर वो मौके पर पहुंची तो दोनों को लहूलुहान देखकर वो बेहोश हो गई। राजस्थान के शिक्षा मंत्री पर मधुमक्खियों का हमला:टॉयलेट का निरीक्षण करने गए थे, दौड़ते हुए निकले, ब्लड प्रेशर बढ़ा शिक्षा और पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा में पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद दिलावर का ब्लड प्रेशर बढ़ गया। हालांकि, चेकअप के बाद डॉक्टर ने कहा- उनका स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे भैंसरोडगढ़ कस्बे की है। जानकारी के अनुसार, दिलावर भैंसरोडगढ़ पंचायत समिति पहुंचने के बाद उसके पीछे सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान शौचालय में लगे छत्ते से मधुमक्खियों ने उनके गले और दाएं हाथ पर डंक मार दिए।इसके बाद वे तेजी से दौड़ते हुए बाहर निकले। बाहर मौजूद स्टाफ ने उन्हें संभाला। कार्यकर्ताओं ने मंत्री के शरीर से डंक निकाले। टावर के लिए खोदे गड्ढे में गिरा 7 वर्षीय मासूम:आंगनबाड़ी से पोषाहार लेकर लौट रहा था; कंपनी के खिलाफ परिवाद आंगनबाड़ी केंद्र से पोषाहार लेकर घर लौट रहा 7 साल का बच्चा बरसाती गड्ढे में गिर गया। डूबने से उसकी मौत हो गई। मामला चित्तौड़गढ़ जिले की रावतभाटा तहसील की बरखेड़ा पंचायत के फुटतालाब का है। घटना शुक्रवार दोपहर में हुई। परिजन ने शनिवार शाम 4 बजे रावतभाटा थाने पहुंचकर मोबाइल टावर लगवाने वाली निजी कंपनी के खिलाफ शिकायत दी है। बच्चे के पिता शंभूलाल ने बताया- मोबाइल कंपनी वालों ने एक साल से टावर लगवाने के लिए गड्ढा खोद रखा है। जिसमें मेरा बेटा गोवर्धन (7) गिर गया और उसकी मौत हो गई। परिजनों के साथ पहुंची आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता और परिजनों का कहना है कि टावर कंपनी की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है।


