चित्तौड़गढ़ में 12 लाख की अफीम जब्त, एक गिरफ्तार:नाकाबंदी के दौरान बाइक छोड़कर भागा युवक, गिरने के बाद पकड़ा गया

चित्तौड़गढ़ जिले में एएनटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए 2 किलो 350 ग्राम अफीम बरामद की है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और उसकी बाइक भी जब्त की गई है। जब्त की गई अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी ने भागने की कोशिश की एएनटीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि चन्देरिया थाना क्षेत्र में बडोदिया मंदिर के पास एक युवक अफीम लेकर आने वाला है। इस पर टीम मौके पर पहुंची और नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। जब टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह घबरा गया और अपनी मोटरसाइकिल सड़क पर ही छोड़कर बोरदा की तरफ भागने लगा। टीम ने तुरंत उसका पीछा किया। भागते समय वह एक मकान के पास खाली प्लॉट की ओर मुड़ा, लेकिन वहां लगे तार में उसका पैर फंस गया और वह पास पड़े पत्थरों पर गिर गया। गिरने से उसके सिर और पैर में चोट आई, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और उसके पास से अफीम बरामद कर ली। पहले भी दर्ज है एनडीपीएस का मामला पकड़े गए आरोपी की पहचान दीपक (25) पुत्र प्रभुलाल जाट निवासी रोलाहेड़ा, चन्देरिया के रूप में हुई है। पूछताछ में दीपक ने बताया कि वह बडोदिया गांव के गोविंद सिंह के कहने पर अफीम की सप्लाई करने आया था। उसने बताया कि उसे एक किलो अफीम सप्लाई करने के बदले 5 हजार रुपए देने का लालच दिया गया था, जिसके कारण वह इस अवैध धंधे में शामिल हो गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी चन्देरिया थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इस बार भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। टीम ने 2 किलो 350 ग्राम अफीम के साथ उसकी मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। सम्मानित होंगी कार्रवाई में शामिल टीमें इस पूरे ऑपरेशन में एएनटीएफ मुख्यालय जयपुर, एएनटीएफ चौकी चित्तौड़गढ़ और पुलिस थाना चन्देरिया की संयुक्त भूमिका रही। एएनटीएफ राजस्थान के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सफल कार्रवाई में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों को एएनटीएफ मुख्यालय जयपुर में सम्मानित किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *