चिरमिरी के बरबसपुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर हुई मारपीट की घटना में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों की शिकायत के बाद नागपुर हाईवे पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान चिरमिरी के हल्दीबाड़ी निवासी मल्लू उर्फ दबंग के रूप में हुई है, जो निर्मल बहादुर सोनी के यहां मजदूरी करता था। यह घटना 20 फरवरी को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर हुई थी। स्कूटी से टक्कर के बाद लाठी-डंडों से पीटा बताया जा रहा है कि बरबसपुर के दो युवकों योगेश सिंह और निथलेश उर्फ नानदाऊ ने स्कूटी से टक्कर के बाद हुए विवाद में मल्लू की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की थी। इस मारपीट में उसके सिर, पैर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं। घायल मल्लू को उपचार के लिए शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नागपुर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शुक्रवार, 27 फरवरी को उसने दम तोड़ दिया। नागपुर पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


