भास्कर न्यूज | कवर्धा/चिल्फीघाटी रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 स्थित चिल्फी आरटीओ बैरियर पर उस समय हंगामा मच गया, जब एक ड्राइवर के आत्मदाह की कोशिश की चर्चा सोशल मीडिया पर चलने लगी। घटना के बाद से ड्राइवर घटना स्थल से फरार रहा। इसकी सूचना न तो थाने में दी गई और न ही परिवहन विभाग के किसी अधिकारी को सूचना दी। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। गाड़ी नंबर के आधार पर वाहन चालक मायाराम यादव संपर्क हुआ। उन्होंने बताया कि ट्रेलर में लोहे का एंगल लेकर रायपुर से जबलपुर (मप्र) जा रहा था। बुधवार रात करीब 10 बजे चिल्फी बैरियर पर वाहन रोका गया। ऐसी घटना नहीं हुई है: दुर्ग के रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर (आरटीओ) एसएल लकड़ा कहना है कि इसमें मैं क्या जवाब दूंगा। क्या चीज है या नहीं है, कवर्धा वाले जानेंगे। चिल्फी बैरियर प्रभारी अतुल तिवारी का कहना है कि बैरियर में नियमित वाहन चेकिंग के दौरान वाहनों की जांच की जा रही थी। इस बीच चिल्फी में अवांछनीय घटना की अफवाह फैली। किसी भी प्रकार की ऐसी घटना नहीं हुई है। ड्राइवर ने आरोप लगाते हुए बताया कि वहां तैनात एक कर्मचारी ने 200 की मांग की, जो उसने दे दिए। आगे बढ़ने पर कुछ दूरी पर उसे फिर वापस बुला लिया गया। जहां बैरियर पर मौजूद एक कर्मचारी ने दुर्व्यवहार करते हुए, गाड़ी खड़ी करने की बातें कही। साथ ही ट्रेलर में एक्सल पहिए नहीं होने की बात कहकर 56 हजार रुपए का चालान काटने की बात कही। चालक के मुताबिक वह पूरी रात बैरियर पर रहा। इस मामले में मायाराम का कहना है कि सुबह तंग आकर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाल लिया।


