वित्त मंत्री और डिप्टी सीएम दिया कुमारी आज विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगी। इस बजट से चूरू जिले को कई महत्वपूर्ण घोषणाओं की उम्मीद है। जिले के नागरिक, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठन बजट पर अपनी निगाहें जमाए हुए हैं। बजट को लेकर चूरू में वेटरनरी कॉलेज शुरू करने और ट्रैफिक समस्याओं के समाधान के लिए अग्रसेन नगर आरओबी को जयपुर रोड आरओबी से जोड़ते हुए एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इन घोषणाओं से चूरू के लोगों को लाभ मिलने की संभावना है। राज्य सरकार के बजट के लिए जिले के विधायकों ने भी बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट और कॉलेजों के प्रस्ताव भेजे हैं। चूरू विधायक हरलाल सहारण ने चूरू में वेटरनरी कॉलेज और साइंस म्यूजियम की मांग रखी है। उन्होंने शहर की ट्रैफिक समस्याओं के समाधान हेतु अग्रसेन नगर आरओबी को जयपुर रोड आरओबी से जोड़ते हुए एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव भी भेजा है। तारानगर में आयुष और कृषि कॉलेज की मांग
इसके अलावा तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया ने तारानगर में आयुष और कृषि कॉलेज की मांग की है। चूरू के जोड़ी सहित विभिन्न पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत करने, चूरू में अंबेडकर ऑडिटोरियम का काम शुरू करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न सड़कों व जीएसएस निर्माण के प्रस्ताव भी भेजे गए हैं। बजट में चूरू मेडिकल कॉलेज के लिए सुपर स्पेशलिटी डॉक्टर और अन्य अत्याधुनिक मशीनों की घोषणा होने की भी संभावना है। इन सुविधाओं से जिले के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।


