सांसद राहुल कस्वां ने मंगलवार देर शाम को मंडेलिया हाउस में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय पर एलिवेटेड रोड की घोषणा उनके सार्थक प्रयास और संघर्ष के कारण हुई है। सांसद कस्वां ने स्पष्ट किया कि उन्होंने इस मुद्दे पर कोई हंगामा या सार्वजनिक रैली नहीं की। इसके बजाय, उन्होंने सिस्टम के तहत अधिकारियों से मुलाकात की और मुख्यमंत्री से सीधे मिलकर चूरू की इस महत्वपूर्ण जरूरत को मजबूती से रखा। कस्वां ने मांग की कि एलिवेटेड रोड को पंखा सर्किल रोड से भी जोड़ा जाए, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को स्थाई समाधान मिल सके। गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा विधायक हरलाल सहारण ने इस घोषणा का श्रेय मुख्यमंत्री से जुड़ा बताया था। उन्होंने सांसद पर सोशल मीडिया के जरिए श्रेय लेने का आरोप भी लगाया था, जिसके बाद से एलिवेटेड रोड का मुद्दा अब सियासत का केंद्र बन गया है। इस अवसर पर धर्मेंद्र बुडानिया, शहर ब्लॉक अध्यक्ष असलम खोखर, देहात ब्लॉक अध्यक्ष किशोर धान्धू, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष जमील चौहान, योगेश ढाका, संजय भाटी, आरिफ रिसालदार, अजीज खान, तौफिक खान, कमलेश महला, जयचंद मेघवाल आदि मौजूद रहे।


