चूरू के जिला खेल स्टेडियम में 8 मार्च को ईएसएम (एक्स सर्विसमैन) रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली में सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन आमजन के लिए 8 मार्च की शाम 3 बजे से 9 मार्च तक दिनभर उपलब्ध रहेगा। रैली को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। ईएसएम रैली के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। इनमें कलरिपयट्टू, सिलंबट्टम, हॉट एयर बैलून, डॉग शो, गतका, पाइप बैंड, मलखंभ और एएलएच डब्ल्यूएसआई द्वारा फ्लाईपास्ट जैसी गतिविधियां शामिल हैं। शहर के लोग 8 मार्च की शाम 3 बजे से 9 मार्च तक सैन्य उपकरण प्रदर्शन में भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम में वीर नारियों, वीरांगनाओं और वेटरन अचीवर्स का सम्मान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, चिकित्सा उपकरणों का वितरण भी होगा। भूतपूर्व सैनिकों के लिए पेंशन व स्पर्श सहायता, शिकायत समाधान, रोजगार सहयोग, दंत चिकित्सा और अन्य चिकित्सा सुविधाओं हेतु विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। इस रैली में लगभग छह हजार भूतपूर्व सैनिक, उनके परिजन और सैन्य अधिकारी अपनी भागीदारी निभाएंगे।


