चूरू में होली खेलने जा रहे एक 19 वर्षीय युवक को कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक के सिर और हाथ में चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर परिजनों ने घायल को डीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। लालासर निवासी घायल महेंद्र ने बताया कि वह अपने दोस्त सोनू के साथ बाइक पर गांव से दूधवाखारा जा रहा था। गांव से निकलते ही सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे सोनू को कोई चोट नहीं लगी, लेकिन पीछे बैठे महेंद्र के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। परिवार के सदस्यों ने तुरंत महेंद्र को डीबी अस्पताल पहुंचाया। महेंद्र ने बताया कि वह दूधवाखारा में अपने दोस्तों के पास होली खेलने जा रहा था। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने घायल महेंद्र की जांच की और उसका इलाज शुरू किया। फिलहाल, महेंद्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


