चूरू में कोतवाली पुलिस ने एक युवक को अवैध धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। युवक पर शहर में दहशत फैलाने की नियत से सार्वजनिक स्थान पर चाकू लेकर घूमने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोहे का नुकीला धारदार चाकू बरामद किया है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया ने बताया कि एएसआई योगेश कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। गश्त के दौरान कलेक्ट्रेट चौराहा पर उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि जयपुर रोड रेलवे पुलिया के नीचे एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आम रास्ते पर लोगों में भय का माहौल बना रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके दाहिने हाथ से एक नुकीला धारदार चाकू मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान 19 वर्षीय घनश्याम जोगी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में चूरू रेलवे स्टेशन के पास झुग्गी-झोपड़ी में रहता है। पुलिस ने घनश्याम जोगी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


