चूरू के घांघू गांव स्थित जीणमाता मंदिर में चोरों ने लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और चांदी के छत्र, सोने के सिक्के और दानपात्र से नकदी लेकर फरार हो गए। इस संबंध में घांघू निवासी 27 वर्षीय नवीन कुमार शर्मा ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके पिता नंदलाल शर्मा मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। रोजाना की तरह जब वे सुबह मंदिर पहुंचे, तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर देखने पर मंदिर से सामान गायब पाया गया। मंदिर प्रबंधक सिम्मी राठौर को चोरी की सूचना दी गई। जांच में सामने आया कि चोर लगभग 8 किलो वजन के चांदी के 8 बड़े छत्र, कुछ सोने के सिक्के और दानपात्र से करीब 80 हजार रुपए नकद चुरा ले गए।
सदर थाना पुलिस ने नवीन कुमार शर्मा की रिपोर्ट के आधार पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


