चूरू में 13 मार्च को रेल रोको आंदोलन की घोषणा:राजगढ़ SDM कार्यालय के बाहर किसान महापंचायत में लिया फैसला

भारतीय किसान सभा के आह्वान पर गुरुवार को राजगढ़ एसडीएम कार्यालय के बाहर किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। इस महापंचायत में तहसील के विभिन्न गांवों से आए किसानों ने बकाया फसल बीमा क्लेम, ओलावृष्टि एवं प्राकृतिक आपदा मुआवजा, स्मार्ट मीटर, बिजली कानून और बीज कानून सहित अन्य जनमुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। लंबोर बड़ी टोल नाके को लेकर प्रशासन के साथ देर शाम तक चली वार्ता विफल रही। इसके बाद सर्वसम्मति से 13 मार्च को चूरू जिले में रेल रोको आंदोलन करने की घोषणा की गई। थाना अधिकारी राजेश सिहाग और उपखंड अधिकारी मनोज खेमदा ने बताया- टोल ठेकेदारों ने लंबोर बड़ी, लंबोर छोटी, लंबोर खेड़ी, लंबोर छिपायान, बेरासर छोटा, बेरासर बड़ा, बेरासर गुमाना, बेरासर मंझला, बेरासर बुद्धू, जेतपुरा और कानावासी सहित करीब एक दर्जन गांवों के लिए टोल माफ करने की घोषणा की है। उन्होंने आसपास के गांवों के लिए 250 रुपये का मासिक पास बनाने की भी घोषणा की। अधिकारियों ने किसानों से आंदोलन न करने की अपील की। हालांकि, सोमवीर बेरासर ने कहा- जब टोल को लेकर वार्ता करनी चाही तो उपखंड अधिकारी ने संघर्ष समिति को संतोषजनक जवाब नहीं दिया। संघर्ष समिति ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए और आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास किया, जिसके कारण वार्ता विफल रही। समिति ने कल टोल नाके पर 11 बजे कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है। महापंचायत की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष कुरड़ाराम दामिवाल ने की। सभा की शुरुआत दिवंगत पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उनके सम्मान में मंच को खाली रखा गया और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया गया। मंच संचालन अजीत सिंह पूनिया ने किया। अंत में कॉमरेड मुनेश पूनिया ने क्षेत्रवासियों से 13 मार्च के रेल रोको आंदोलन को सफल बनाने के लिए अपने-अपने गांवों में व्यापक तैयारी करने का आह्वान किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *