चूरू जिले के बीदासर थाना इलाके में 15 वर्षीय नाबालिग की हत्या के 52 घंटे बाद उसका अंतिम संस्कार हुआ। हत्यारे को पकड़ने की मांग को लेकर परिजन धरना दे रहे थे।
5 दिन के अंदर मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने के आश्वासन पर परिजन माने और धरना समाप्त किया। मंगलवार देर शाम प्रशासन की समझाइश और आश्वासन के बाद परिजन शव लेने पर सहमत हुए। बुधवार सुबह करीब 10 बजे शव का अंतिम संस्कार किया गया। 40 मिनट चली वार्ता में बनी समझाइश
परिजनों ने अज्ञात हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बीदासर अस्पताल में धरना शुरू किया था। मंगलवार सुबह 9 बजे थानाधिकारी दिलीप सिंह अस्पताल पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद बीदासर एसडीएम अमीलाल यादव, सुजानगढ़ एएसपी दिनेश कुमार और डीएसपी दरजाराम भी मौके पर पहुंचे।
दोपहर 3 बजे धरनार्थियों की 12 सदस्यीय समिति ने प्रशासन से वार्ता की। उनकी मुख्य मांगों में हत्या के आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, मेडिकल बोर्ड द्वारा किए गए पोस्टमॉर्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग और रिपोर्ट परिजनों को सौंपना, यदि एक से ज्यादा आरोपी हो तो मुख्य आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करना शामिल था। करीब 40 मिनट चली इस वार्ता में आखिरकार समझाइश बनी। 5 दिन में आरोपी को गिरफ्तार करने का मिला आश्वासन
इसके बाद शाम करीब 6 बजे बजे थानाधिकारी दिलीप सिंह ने एक बार फिर धरनार्थियों से बात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि 5 दिन के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद परिजन सहमत हो गए और धरना समाप्त हुआ। घर से 1 KM दूर बीहड़ में मिला था शव
थानाधिकारी दिलीप सिंह ने बताया कि मृतका की आईडी वेरिफिकेशन में उसकी उम्र 17 वर्ष पाई गई। धरने के दौरान यह बात भी सामने आई कि नाबालिग के पेट में भ्रूण था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। शव परिजनों को सौंप दिया गया था, जिसके बाद बुधवार सुबह अंतिम संस्कार हुआ।
उल्लेखनीय है कि नाबालिग का शव सोमवार 8 दिसंबर की सुबह घर से 1 किलोमीटर दूर बीहड़ में मिला था। परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है।


