चूल्हा जलाते ही भड़की आग, हालत गंभीर

लोहारा इलाके के ज्ञान चंद नगर की गली नंबर-8 में सोमवार रात करीब 8 बजे खाना बनाते समय एलपीजी गैस लीक होने से जोरदार धमाका हो गया। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। घायल की पहचान गोपाल महतो के रूप में हुई है, जो पास की नट-बोल्ट बनाने वाली फैक्ट्री में काम करता है। पड़ोसी संजय के अनुसार, गोपाल रात को काम से लौटकर घर पहुंचा और जैसे ही उसने गैस चूल्हा जलाने के लिए लाइटर ऑन किया, अचानक तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गैस सिलेंडर का पाइप पहले से फटा हुआ था, जिससे गैस पूरे कमरे में फैल चुकी थी। लाइटर जलाते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और गोपाल को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वह लपटों में घिर गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसे बाहर निकाला। हादसे में गोपाल करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया और शरीर की चमड़ी तक उतर गई। घटना के समय वह घर में अकेला था, क्योंकि उसका परिवार गांव में रहता है। पड़ोसियों की मदद से उसे तुरंत सिविल अस्पताल, लुधियाना पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पीजीआई, चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *