महासमुंद| पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झलप में बुधवार को एक मकान में चोरी करने घुस रहे चोर ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में 30 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बुधवार सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। पटेवा थाना प्रभारी विनोद कश्यप ने बताया कि चोर मकान के दरवाजे का ताला तोड़कर कमरे में चोरी करने घुसा था। उसी समय आहट पाकर घर मालिक का बेटा सौरभ गोयल सुन उठ गया। कमरे में युवक को घुसते देख चोर हड़बड़ा गया। और भागने लगा। चोर को भागते देख युवक ने पकड़ लिया। इसी दौरान बचने के लिए चोर ने युवक पर हाथ में रखे कटर से हमला कर दिया। इससे उनके हाथ में गंभीर चोटें आई है। युवक पर हमला करने के बाद चोर फरार हो गया। दूसरे कमरे में युवक की मां सो रही थी। आवाज सुनकर परिजन जब पहुंचे तो युवक खून से लथपथ था। फर्श में हाथ का ब्लड फैल गया था। युवक को आनन फानन में गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल युवक खतरे से बाहर बताया जा रहा है।