भास्कर न्यूज | जालंधर थाना बारादरी पुलिस ने चोरी की एक्टिवा बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान टोबरी मोहल्ला के जमशेर सिंह उर्फ शेरा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदर कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल गुरदीप सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक चोरी का एक्टिवा बेचने के इरादे से घूम रहा है। पुलिस ने दबिश देकर युवक को पकड़ लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कबूल किया कि वाहन चोरी का है। पुलिस आरोपी का रिमांड लेगी ताकि पूछताछ में अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सके।


