बेरा खिमाणिया वाला क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक मकान में सेंधमारी कर लाखों रुपए के जेवरात तथा करीब साढ़े पांच लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। पीड़िता पानी देवी ने बताया कि शुक्रवार रात वह और उनकी बेटी घर में सो रही थीं, जबकि उनके पति व पुत्र मजदूरी के सिलसिले में दूसरे राज्य गए हुए थे। देर रात अज्ञात चोर मकान की दीवार फांदकर अंदर घुस गए। चोरों ने फ्रीज के ऊपर रखी कमरों की चाबियां उठाकर ताले खोले और तीन लोहे के बक्सों को बाहर ले गए। पानी की टंकी के पास बक्सों को तोड़कर उनमें रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। 36 ग्राम सोने का तेडिया, 36 ग्राम सोने की कंठी, 18 ग्राम सोने की बालियां, 12 ग्राम सोने की अंगूठी, 4 ग्राम सोने की लूंगों की जोड़ी, 12 ग्राम सोने की नाक की वाली, 12 ग्राम सोने की नथ सहित अन्य जेवरात शामिल हैं। इसके अलावा 2450 ग्राम चांदी का कड़ला, 460 ग्राम चांदी की बेड़ियां, 930 ग्राम चांदी का कंदोरा, 700 ग्राम चांदी के सड़े, 480 ग्राम चांदी के भूजबंद, 200 ग्राम चांदी की कचकोलियां, 300 ग्राम चांदी की तोड़ियां, 15 ग्राम चांदी की अंगूठियां व 500 ग्राम चांदी के सिक्के भी चोरी कर लिए गए। 5.50 लाख रुपए भी ले गए। सुबह चोरी की वारदात का पता चला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी।


