भारत-पाक बॉर्डर से सटे बाखासर इलाके में करीब 14 दिन पहले एक घर में घुसे चोरों ने एक दंपती को कमरे में बंद कर करीब 70 लाख से ज्यादा के जेवरात चुराकर फरार हो गए थे। एसपी नरेंद्रसिंह मीना ने इस मामले का मंगलवार को खुलासा करते हुए चोरी के एक आरोपी और एक खरीददार को गिरफ्तार किया। चोरी का दूसरा आरोपी वीरमाराम फरार है। वीरमाराम की उम्र 35 वर्ष है, लेकिन उसके खिलाफ 40 मुकदमे है। इसी तरह नकबजन भगाराम 25 वर्ष का है, लेकिन 27 मुकदमे है। दोनों आदतन शातिर चोर है।आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। बाखासर थाने में 20 जनवरी को पीड़ित शेषकरण चारण निवासी सुहागी ने मामला दर्ज करवाया था कि वे रात्रि में परिवार सहित एक कमरे में सो रहे थे। इस दौरान रात में अज्ञात चोर आए और उनके कमरे की बाहर से कुंडी लगा बंद कर दिया। इसके बाद दूसरे कमरे के ताले को तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी तोड़ कर 280 ग्राम सोना, 600 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की। चोरी के तरीकों से सुराग मिला, ऐश-मौज की जिंदगी जीने के लिए करते थे चोरी दोनों शिव थाने के हिस्ट्रीशीटर, मिलकर करते थे चोरियां सुहागी गांव में चोरी की वारदात के बाद पुलिस को सिर्फ पदचिन्ह ही मिले थे। आसपास न तो कोई सीसीटीवी था और न ही किसी ने उन्हें देखा था। ऐसे में आरोपियों का सुराग लगाना चुनौती था। इस बीच पुलिस ने चोरी के मामलों में शातिर बदमाशों के रिकार्ड को खंगाला। इसके बाद सुराग मिला कि ये ही दोनों बदमाश थे, जिन्होंने पूर्व में भी रात में सो रहे परिवार के लोगों के कमरों की कुंडी बंद कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। इसके बाद इन आरोपियों के रिकार्ड खंगालने के साथ लोकेशन ट्रेस की गई तो उसी इलाके में सामने आई। जोधपुर रेंज आईजी टीम की मदद से आरोपी भगाराम पुत्र कानाराम जाट निवासी चितरोली चोचरा शिव को जोधपुर से गिरफ्तार किया। दूसरा आरोपी वीरमाराम पुत्र राणाराम मेघवाल निवासी गुजरो का बेरा कानासर गोलाई शिव फरार हो गया। भगाराम से पूछताछ के बाद चोरी के गहनों के खरीददार गणपत उर्फ गणेश सोनी निवासी चौहटन को गिरफ्तार किया है। गणपत के खिलाफ भी 3 मामले दर्ज है। भगाराम और वीरमाराम शिव पुलिस थाने के हिस्ट्रीशीटर है। बार-बार लोकेशन बदली, फिर भी पकड़े गए चोर बाखासर थानाधिकारी राजूराम मय पुलिस टीम और आईजी रेंज टीम प्रभारी देवाराम विश्नोई ने शातिर बदमाश भगाराम को जोधपुर से गिरफ्तार किया। वारदात के बाद आरोपी लोकेशन बदलते रहे। पुलिस ने जोधपुर, नागौर, बीकानेर सहित कई जिलों में तलाश की। आरोपियों की ओर से जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, उसके तरीकों को लेकर सुराग मिल गया था। इसके बाद इनके घर या संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी तो ये गायब मिले। इसके बाद संदिग्ध भगाराम को जोधपुर से पकड़ा। पूछताछ में सुहागी में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने चोरी का माल चौहटन के गणपत सोनी को बेचना बताया। फरार आरोपी वीरमाराम की तलाश की जा रही है। एसपी नरेंद्रसिंह मीना के अनुसार दोनों आदतन चोर ऐश-मौज की जिंदगी जीने के लिए चोरी करते थे और फिर चोरी के माल को कम दाम पर बेच कर उससे मिलने वाले रुपए से ऐश मौज करते थे।


