सिवनी जिले के आदेगांव थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात पर कार्रवाई करते हुए सुबह के समय पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस जिले में सक्रिय चोर गिरोहों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। जानकारी के अनुसार, ग्राम केकड़ा निवासी कौशल चौकसे (47 वर्ष) ने 27 जनवरी 2026 को आदेगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 2026 को वे पारिवारिक कार्यक्रम में जबलपुर गए थे। 27 जनवरी को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ था, सामान बिखरा पड़ा था और कीमती जेवरात गायब थे। अज्ञात व्यक्ति द्वारा ताला तोड़कर चोरी किए जाने की आशंका पर, आदेगांव थाने में अपराध क्रमांक 21/2026, धारा 331(4), 305(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य मिले और एक संदेही व्यक्ति को देखे जाने की सूचना भी प्राप्त हुई। पुलिस ने संदेही के हुलिए के आधार पर जांच तेज की। पूछताछ में पता चला कि यह हुलिया पूर्व में चोरी के मामले में जेल जा चुके आरोपी शनिराम उर्फ बड्डू यादव से मेल खाता है। मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश की गई और उसे गनेशगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी शनिराम उर्फ बड्डू यादव (28 वर्ष), निवासी ग्राम केकड़ा, थाना आदेगांव, ने चोरी की गई संपत्ति अपने कब्जे से जब्त कराई। उसका पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसमें अपराध क्रमांक 143/2025 सहित चोरी के अन्य प्रकरण दर्ज हैं। बरामद की गई संपत्ति में सोने जैसा कमर का करघन, एक जोड़ी पायल, पांच चांदी के सिक्के, तीन बिछिया और घटना में प्रयुक्त कपड़े शामिल हैं।इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष धुर्वे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के निर्देशन में,तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अपूर्व भलावी के मार्गदर्शन में,संपत्ति संबंधी अपराधों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है।


