चौकसे ग्रुप बना चैंपियन, फाइनल में जेनमिन 11 को 8 गेंद पहले हराया

सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर चौकसे ग्रुप ने फाइनल मुकाबले में जेनमिन 11 को हराकर चौकसे प्रीमियर लीग-2026 सीजन-2 का खिताब अपने नाम कर लिया। चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस में आयोजित ‘चौकसे प्रीमियर लीग-2026 (सीजन-2)’ का रोमांचक समापन हुआ। टूर्नामेंट में शैक्षणिक और कॉर्पोरेट जगत की कुल 12 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मैच में चौकसे ग्रुप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेनमिन 11 की टीम निर्धारित 10 ओवर में 62 रन पर सिमट गई। टीम के मितु ने 24 और संजय ने 22 रन बनाए। चौकसे ग्रुप की ओर से आनंद ने 3 विकेट झटके, जबकि महताब, शाहिद और मुकेश ने एक-एक विकेट लेकर विपक्ष को सीमित स्कोर पर रोक दिया। 63 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चौकसे ग्रुप ने सधी हुई बल्लेबाजी की। मुकेश ने 42 रनों की अहम पारी खेली और टीम ने 8 गेंद पहले ही लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। जेनमिन 11 की ओर से मितु ने दो विकेट लिए। विजेता टीम को लक्ष्मी स्पोर्ट्स की ओर से 11 हजार रुपए नकद व ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता को 8 हजार रुपए व ट्रॉफी दी गई। फाइनल मुकाबले के प्लेयर ऑफ द मैच चौकसे ग्रुप के मुकेश को चुना गया। वहीं बेस्ट बॉलर भी चौकसे ग्रुप के पुनीत रहे। इसके अलावा बेस्ट बैट्समैन जेनमिन 11 के स्नेहल बने। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब चौकसे ग्रुप के आनंद श्रीवास को दिया गया: कार्यक्रम में चौकसे ग्रुप के प्रबंध निदेशक डॉ. आशीष जायसवाल मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेंट्रल यूनिवर्सिटी के प्रो. संजय पाण्डेय (विभागाध्यक्ष, मैनेजमेंट विभाग), प्रो. कुजूर तथा चौकसे ग्रुप के ओएसडी डॉ. शरद कौशिक उपस्थित थे। प्रो. संजय पाण्डेय ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त साधन है। डॉ. शरद कौशिक ने लीग को शिक्षा और कॉर्पोरेट जगत के बीच समन्वय का मंच बताया। मुख्य अतिथि डॉ. आशीष जायसवाल ने कहा कि लीग का उद्देश्य संस्थानों एवं कॉर्पोरेट कर्मचारियों को काम के दबाव के बीच मानसिक ऊर्जा और प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर देना है। आयोजन को सफल बनाने में शाहिद शेख, संजय वैद्य, किशोर राज, रामप्रसाद निषाद और मनोज लकड़ा की विशेष भूमिका रही। आयोजकों ने इसे यादगार सीजन बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *