भास्कर न्यूज | गिरिडीह कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने शनिवार को उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा से उनके कार्यालय में मुलाकात की। उन्होंने जिले में चल रही चौकीदार बहाली में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। धनंजय सिंह ने कहा कि बहाली में कट ऑफ मार्क्स 40 तय है, लेकिन 39 अंक लाने वाले को भी मेरिट सूची में शामिल किया गया है। उन्होंने इस पर आपत्ति जताई। धनंजय सिंह ने उपायुक्त का ध्यान किसानों की समस्याओं की ओर भी दिलाया। उन्होंने कहा कि रोहिणी नक्षत्र शुरू हो रहा है। किसानों को समय पर बीज मिलना जरूरी है। इसके लिए प्रशासन को व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही जिले की सड़क, पुल, सिंचाई और बिजली की स्थिति पर भी चर्चा की। उपायुक्त ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। इधर, संविधान बचाओ रैली की तिथि में बदलाव किया गया है। पहले यह रैली 26 मई को तय थी। लेकिन उसी दिन प्रदेश स्तर पर राजभवन में धरना प्रदर्शन होने के कारण अब यह रैली 28 मई को होगी। इसकी तैयारी की समीक्षा के लिए जिले के पर्यवेक्षक जे. पी. पटेल रविवार 25 मई को गिरिडीह में बैठक करेंगे। बैठक सुबह 11.30 बजे नया सर्किट हाउस में होगी। इसमें प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश प्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, प्रखंड पर्यवेक्षक, प्रखंड अध्यक्ष और अग्रणी मोर्चा के अध्यक्ष शामिल होंगे। सभी को बैठक में आमंत्रित किया गया है।


