चौपाटी में गुमटियां शिफ्ट, 200 दुकानें बनेंगी

भास्कर न्यूज | कोरबा घंटाघर निहारिका मार्ग पर यातायात को व्यवस्थित बनाने के लिए चौपाटी को फिर से शुरू कर दिया गया है। गुमटियों की शिफ्टिंग भी की गई है। यहां पर 200 से अधिक ठेले, गुमटी के लिए जगह बनाई गई है। स्मृति उद्यान के पीछे बनी चौपाटी की शुरुआत 6 साल पहले गढ़कलेवा से शुरू की गई थी। यहां पर ठेले भी लग रहे थे , लेकिन बाद में लोगों ने फिर से घंटाघर मैदान में दुकान लगना शुरू कर दिया। इसके बाद चौपाटी को फिर से व्यवस्थित किया गया है । यहां फाउंटेन की स्थापना करने के साथ भी बच्चों के मनोरंजन के लिए भी उपकरण लगाए जाएंगे। समिति के पदाधिकारियों की निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बैठक ली थी। कलेक्टर अजीत वसंत ने भी चौपाटी को शीघ्र शुरू करने कहा था। आम सहमति बनने के बाद अब चौपाटी की शिफ्टिंग भी शुरू हो गई है। यहां पवरे ब्लॉक , वाटर सप्लाई बिजली की व्यवस्था भी कर दी गई है । चौपाटी की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग भी की गई है। जिससे चौपाटी आकर्षक लगने लगा है। गुमटी संचालकों को यहां कार्यक्रम होने पर बाहर कर दिया जाता था ।अब उन्हें इस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। इसके साथ ही मार्ग के किनारे लगने वाले ठेले गुमटी की समस्या नहीं होगी। इससे यातायात भी व्यवस्थित होगा। निगम प्रशासन को लंबे समय बाद शिफ्टिंग में कामयाबी मिली है। कई बार इसके लिए पहल की गई लेकिन विरोध के कारण चौपाटी शुरू नहीं हो पाया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *