छतरपुर में परीक्षा देते छात्र पर गिरा प्लास्टर:12वीं का पेपर लिख रहा था, सिर-कंधे और उंगली में चोट; टीचर अस्पताल भी नहीं ले गए

छतरपुर जिले के ईशानगर स्थित शासकीय सांदीपनि उच्च माध्यमिक विद्यालय में 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां परीक्षा दे रहे छात्र गोलू कुशवाहा के ऊपर अचानक दीवार का प्लास्टर गिर गया। इससे छात्र के सिर, कंधे और उंगलियों में चोटें आई हैं। घटना के बाद परीक्षा केंद्र में हड़कंप मच गया। घायल छात्र ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद उसे अस्पताल ले जाने के लिए कोई शिक्षक साथ नहीं आया, जिससे उसे इलाज में परेशानी हुई। जानकारी के अनुसार, गहरवार स्कूल के छात्र गोलू कुशवाहा का सेंटर शासकीय सांदीपनि स्कूल में आया था। वह कक्ष क्रमांक 14 में बैठकर पेपर लिख रहा था। तभी अचानक दीवार का प्लास्टर टूटकर गिरा। मलबे की चपेट में आने से वह घायल हो गया। इस घटना से क्लास में मौजूद अन्य छात्रों में भी अफरा-तफरी मच गई। जर्जर हैं क्लासरूम, खुद जाना पड़ा अस्पताल घायल छात्र गोलू ने बताया कि परीक्षा केंद्र की कई कक्षाएं जर्जर हालत में हैं। उसने आरोप लगाया कि घटना के बाद स्कूल का कोई भी शिक्षक उसके साथ अस्पताल नहीं गया। इस कारण उसे प्राथमिक उपचार कराने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्राचार्य बोले- पहले जांच की थी मामले में जब परीक्षा केंद्र अध्यक्ष रामकृष्ण पाराशर से संपर्क किया गया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, प्रभारी प्राचार्य के.एल. राय ने पुष्टि की कि छात्र की उंगलियों में चोट आई है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि परीक्षा से पहले सभी कक्षाओं की जांच की गई थी और ऐसी घटना की संभावना नहीं थी। अभिभावकों में आक्रोश घटना के बाद अभिभावकों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने सवाल उठाया है कि यदि भवन सुरक्षित था, तो प्लास्टर कैसे गिरा। साथ ही घायल छात्र को तत्काल सहायता न मिलने पर भी नाराजगी जताई है। इस घटना ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *