छतरपुर में सीएम यादव बोले- पंजाब-हरियाणा से आगे होगा बुंदेलखंड​​​​​:करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण किया; कार्यक्रम स्थल पर जा रही बस का एक्सीडेंट, 13 घायल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को छतरपुर के बिजावर में 178 करोड़ के 23 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। बिजावर के सटई नगर में किसान सम्मेलन और लोक कल्याण शिविर आयोजित हुआ था। इधर, किशनगढ़ से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो हई। उसमें करीब 25 लोग सवार थे। 13 घायल हो गए। आठ जिला अस्पताल में भर्ती हैं। हादसा देवरा-किशनगढ़ मार्ग पर देवरा से करीब 4 किलोमीटर पहले मोड़ पर हुआ। बस सामने से आ रही हार्वेस्टर मशीन से टकरा गई थी। सिविल सर्जन जीएल अहिरवार ने बताया कि सभी का हालत नॉर्मल हैं। इलाज चल रहा हैं। घायलों में किशनगढ़ निवासी पिंकी राजा, रामचरण सेन, खन्ना साहू, नौनेलाल प्रजापति, फुल्ला साहू, नारायण, नाथूराम नामदेव, हरीनारायन पयासी, राधा, धनीराम, गणेश दुबे राईपुरा, पुरन लाल प्रजापति सचिव बाकीगिरोली और याकूब खान शामिल हैं। मुख्यमंत्री बोले- पंजाब-हरियाणा से आगे होगा बुंदेलखंड​​​​​
जनसभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, हमारे प्रधानमंत्री वर्तमान समय के भागीरथ हैं, जो केन-बेतवा लिंक परियोजना के माध्यम से बुंदेलखंड में गंगा को लाने का भागीरथी प्रयास कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि बुंदेलखंड के लोग धैर्यवान होते हैं और किसी के सामने झुकते नहीं हैं। महाराजा छत्रसाल का उदाहरण देते हुए कहा कि मुगलों ने पूरे देश में राज किया लेकिन महाराजा छत्रसाल की शूरवीरता से बुंदेलखंड ने कभी अधीनता नहीं स्वीकारी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने जब यह परिकल्पना अपने दिमाग में रखी तो उसके साथ बुंदेलखंड भी उनके हृदय बैठा था। यही वजह है कि देश की सबसे बड़ी और पहली महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ बुंदेलखंड की धरती से हो रहा है। इस परियोजना के साकार होने के बाद बुंदेलखंड, पंजाब और हरियाणा से भी आगे होगा। सीएम ने यह भी कहा कि आज क्षेत्र की जनता को 162 करोड़ के 18 विकास कार्यों की सौगात मिली है। इस दौरान सीएम ने 5 निर्माण कार्यों के लिए भूमि पूजन भी किया। विधायक राजेश शुक्ला ने सीएम से रखी मांग
बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू ने सीएम को जानकारी देते हुए बताया कि केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट में बिजावर विधानसभा के 14 गांव के विस्थापित हो रहे हैं। जिसके लिए वर्तमान में 12 लाख का पैकेज दिया गया है। उन्होंने जनता की ओर से मांग करते हुए उक्त पैकेज की राशि को बढ़ाकर 15 लाख रुपए करने की मांग रखी और इस मांग को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने विधानसभा के जटाशंकर धाम में वन विभाग के कारण रुके हुए रोपवे कार्य को पूरा कराने, सटई में महाविद्यालय और जटाशंकर मार्ग का निर्माण कराने की मांग रखी। जिसे मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में पूरा करने की घोषणा की। खराब फसल हाथ में लेकर पहुंचे किसान सीएम के कार्यक्रम स्थल पर बिजावर क्षेत्र के धरमपुरा गांव के दर्जनों किसान पाला के कारण खराब हुई फसल अपने हाथों में लेकर पहुंचे। एक किसान ने बताया खराब हो गई है। गांव के सरपंच लल्लू खंगार ने बताया कि गांव के किसानों की अरहर की फसल को 90 फीसदी तक नुकसान हुआ है। उन्होंने राहत राशि की मांग की। लोक कलाकरों ने किया स्वागत
बुंदेलखंड के लोक कलाकारों ने लोकनृत्य दिवारी और लोकगीतों ने प्रस्तुति देकर सीएम का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगे अलग-अलग विभागों की प्रदर्शनियों को देखा। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री व चंदला विधायक दिलीप अहिरवार, बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू, छतरपुर विधायक ललिता यादव, राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *