छतरपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत संकट मोचन पहाड़ी स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सोमवार दोपहर एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 30 वर्षीय सीमा पत्नी संतोष सेन ने दोपहर करीब 4:30 बजे अपने घर में दुपट्टे से फांसी लगा ली। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डॉ. रोशन द्विवेदी ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मॉर्चरी में रखवाया है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय महिला के बच्चे ट्यूशन पढ़ने के लिए बाहर गए हुए थे। बड़ी बेटी अंकिता ने सबसे पहले मां को फांसी पर लटके देखा। उसने तुरंत अपने पिता संतोष सेन को फोन पर सूचना दी। संतोष अपनी दुकान से घर पहुंचे, पत्नी को नीचे उतारा और तत्काल जिला अस्पताल ले गए। कोई बड़ा विवाद नहीं था पति संतोष सेन ने बताया कि वे अपनी दुकान पर थे जब उन्हें बेटी का फोन आया। उन्होंने कहा, “शादी को 13 साल हो चुके हैं और तीन बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच कभी कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ था।” आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। आज होगा पोस्टमार्टम घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मंगलवार को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा और फिर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


