छत्तीसगढ़ के पहले कैंसर यूनिट को मिलेगा सेटअप:बिलासपुर में 115 करोड़ से बन रहा चार मंजिला अस्पताल, तीन दिशाओं वाला फ्लाईओवर से दूर होगी ट्रैफिक समस्या

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बहुप्रतीक्षित कैंसर संस्थान के लिए सेटअप मिलने के बाद अब आने वाले साल से पहले इसके शुरू होने की उम्मीदें हैं। राज्य शासन ने बजट में कैंसर अस्पताल के लिए सेटअप की स्वीकृति दे दी है। इससे अब अस्पताल में सर्जन सहित अन्य विशेषज्ञ और टेक्निकल पदों पर भर्ती होने की उम्मीद है। वहीं, बजट में शहर की ट्रैफिक की समस्या को हल करने के लिए जबलपुर के मदनमहल चौक जैसा फ्लाईओवर बनाने के लिए भी 15 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। राजीव गांधी चौक से नेहरू चौक तक बनने वाला फ्लाईओवर तीन दिशाओं में विभाजित होगा। बिलासपुर के कोनी में राज्य के पहले कैंसर संस्थान 115 करोड़ की लागत से बन रहा है। अस्पताल के लिए 4 मंजिला भवन लगभग बनकर तैयार है। भवन निर्माण के लिए सीजीएमएससी को निर्माण एजेन्सी बनाया गया है। 100 बिस्तरों का होगा कैंसर अस्पताल
कैंसर अस्पताल ग्राउण्ड फ्लोर के साथ 4 मंजिला होगा। इसमें कैंसर मरीजों के लिए 100 बेड की सुविधा होगी। 20 बेड कैंसर आईसीयू और 80 बेड जनरल वार्ड का होगा। जबलपुर और दिल्ली के कैंसर अस्पताल की तरह यहां भी नर्सिंग मेडिकल काउंसिल और नेशनल मेडिकल काउंसिल की तरह क्लास वन से लेकर क्लास फोर तक 289 पद स्वीकृत करने की मांग की गई थी। लेकिन, राज्य शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने रिवाइज्ड प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए थे, जिसमें पद कम करने के लिए कहा था। हालांकि, इसमें 34 पदों की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। 40 करोड़ की मशीनें, दवा मुफ्त मिलेगी
कैंसर यूनिट में 20-20 करोड़ रुपए की लागत के दो अत्याधुनिक लीनियर एसीलीरेटर रेडियो थिरेपी मशीन लगाई जाएगी। कीमोथिरेपी की दवाईयां भी मरीजों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। बजट में सेटअप को दी मंजूरी
जिसके बाद सिम्स अस्पताल प्रबंधन ने दोबारा नए सेटअप बनाकर भेजा था, जिसमें रिवाइज्ड सेटअप तैयार कर भेजा गया था। फिर बाद में पदों की संख्या में कटौती करते हुए 175 पद कर दिया गया, जिसमें विशेषज्ञ चकित्सक, टेक्निकल पदों के साथ ही रेडियोलॉजिस्ट सहित अन्य पद शामिल हैं। राज्य शासन ने बजट में सेटअप की मंजूरी दे दी है। जिससे अब कैंसर संस्थान में भर्ती होने के साथ ही इसके शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है। बिलासपुर में बनेगा 3 दिशाओं वाला फ्लाईओवर
बिलासपुर में ट्रैफिक की समस्या को हल करने के लिए जबलपुर के मदनमहल चौक जैसा फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव है। नगर निगम के इंजीनियरों की टीम ने जबलपुर जाकर वहां के 7.8 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का अध्ययन किया। जिसके बाद यह प्रस्ताव तैयार किया है। राजीव गांधी चौक से नेहरू चौक तक बनने वाला फ्लाईओवर तीन दिशाओं में विभाजित होगा। यह उसलापुर रोड, इंदिरा सेतु के ऊपर से कोनी और सीपत-मोपका रोड की ओर जाएगा। इससे रायपुर-बिलासपुर हाईवे का ट्रैफिक शहर के अंदरूनी हिस्से को प्रभावित किए बिना निकल सकेगा। राज्य सरकार के बजट में इसके लिए 15 करोड़ का प्रावधान किया गया है। उम्मीद है कि आने वाले समय में फ्लाई ओवर की दिशा में तेजी से काम हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *