छत्तीसगढ़ के सवा तीन लाख से ज्यादा उम्मीदवार आज शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में शामिल होंगे। दो साल बाद हो रही इस परीक्षा के लिए प्रदेश के 20 जिला मुख्यालयों में लगभग 1022 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा के लिए 366 और दूसरी पाली के लिए 656 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। लंबे इंतजार के बाद हो रही इस परीक्षा के लिए प्रदेशभर से कुल 3 लाख 23 हजार 183 आवेदन मिले हैं। सबसे ज्यादा बिलासपुर और रायपुर जिले से क्रमश: 48625, 45919 आवेदन आए हैं। रायपुर में पहली पाली की परीक्षा में 15,573 और दूसरी पाली में 30,346 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 12:15 बजे तक होगी। पेपर 1 (कक्षा 1–5) में प्राथमिक कक्षाओं में अध्यापन के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं, दूसरी पाली में पेपर 2 (कक्षा 6–8) के लिए दोपहर 3 बजे से 5:45 बजे तक परीक्षा होगी। रायपुर के एक परीक्षा केंद्र में बदलाव व्यापम ने शिक्षक पात्रता परीक्षा के परीक्षा केंद्र में संशोधन किया है। मठपुरैना के राधाबाई शासकीय कन्या महाविद्यालय के स्थान पर मठपारा के राधाबाई शासकीय कन्या महाविद्यालय (दूधाधारी मंदिर के पास) को नया परीक्षा केंद्र घोषित किया है। दो घंटे पहले पहुंचना होगा जरुरी परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को सघन जांच से गुजरना होगा इसलिए व्यापम ने अभ्यर्थियों से दो घंटे पहले एग्जाम सेंटर पर पहुंचने का निर्देश जारी किया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र देख लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की परेशानी न हो। ड्रेस कोड, स्वेटर, जूते और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से संबंधित नियम पहले की तरह ही लागू रहेंगे।


