पत्र सूचना कार्यालय (PIB), भारत सरकार, रायपुर के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के पत्रकारों का 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सिक्किम के सात दिवसीय अध्ययन प्रवास पर रवाना हो रहा है। इस विशेष प्रेस टूर का उद्देश्य सिक्किम में केंद्र सरकार की ओर से संचालित महत्वाकांक्षी परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और सामरिक महत्व के कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन करना है। 15 से 21 फरवरी तक चलेगा अध्ययन दौरा यह दौरा 15 फरवरी से 21 फरवरी तक आयोजित किया गया है। इस दौरान मीडिया टीम सिक्किम की भौगोलिक चुनौतियों के बीच हो रहे इंजीनियरिंग नवाचारों और “विकसित भारत 2047” के लक्ष्यों की दिशा में हो रही प्रगति का दस्तावेजीकरण करेगी। 10 वरिष्ठ पत्रकारों सहित पीआईबी के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ के प्रमुख मीडिया संस्थानों के 10 वरिष्ठ पत्रकार शामिल हैं। इसके साथ ही पीआईबी रायपुर के एक अधिकारी और एक कर्मचारी भी दल का हिस्सा हैं। सहायक निदेशक सुदीप्त कर और यंग प्रोफेशनल पुरुषोत्तम झा कर रहे नेतृत्व इस दल का नेतृत्व पीआईबी रायपुर के सहायक निदेशक सुदीप्त कर और यंग प्रोफेशनल पुरुषोत्तम झा कर रहे हैं। इन पत्रकारों को किया गया शामिल प्रतिनिधिमंडल में एएनआई से संदीप प्रधान, टीआई से टिकेश्वर पटेल, दैनिक भास्कर से प्रमोद कुमार साहू, अमृत संदेश से संजीव कुमार वर्मा, विस्तार न्यूज से अभिषेक तिवारी, दंडकारण्य समाचार से टीनकेश्वर तिवारी, दैनिक विश्व परिवार से हरि शंकर सोनी, समवेत शिखर से शंकर चंद्राकर, अमन पथ से रमेश पांडे और बीएसटीवी से अविनाश चंद्रवंशी शामिल हैं। सेवोक-रंगपो रेलवे लाइन परियोजना का होगा साइट विजिट यात्रा कार्यक्रम के तहत मीडिया टीम सिक्किम की पहली रेल लिंक परियोजना ‘सेवोक-रंगपो रेलवे लाइन’ का साइट विजिट करेगी। यह परियोजना अपनी जटिल सुरंग निर्माण तकनीक के लिए प्रसिद्ध है। नाथू ला, बाबा मंदिर और त्सोमगो झील का भी दौरा प्रतिनिधिमंडल सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नाथू ला दर्रा, बाबा मंदिर और त्सोमगो झील का भी भ्रमण करेगा। यहां सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को भी कवर किया जाएगा। वाइब्रेंट विलेज और पेलिंग स्काईवॉक का भी होगा भ्रमण इसके अलावा, आईटीबीपी (ITBP) द्वारा थेगु में विकसित ‘वाइब्रेंट विलेज’, पेलिंग का प्रसिद्ध स्काईवॉक और भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (BSI) के केंद्रों का भी दौरा किया जाएगा। राज्यपाल और मुख्यमंत्री से होगी औपचारिक भेंट प्रवास के दौरान मीडिया टीम सिक्किम के माननीय राज्यपाल और मुख्यमंत्री से औपचारिक मुलाकात भी करेगी। इस दौरान राज्य के विकास में केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग पर चर्चा प्रस्तावित है। विकास कार्यों को लेकर मीडिया टीम करेगी रिपोर्टिंग इस अध्ययन यात्रा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की मीडिया टीम सिक्किम में हो रहे राष्ट्रीय विकास कार्यों, रणनीतिक परियोजनाओं और बुनियादी ढांचे की प्रगति को जनता तक पहुंचाने के लिए विस्तृत रिपोर्टिंग करेगी।


