छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में 3 युवकों की मौत हो गई। कोरबा में भारी वाहन की चपेट में आने से एक वीडियोग्राफर की जान चली गई। वह होली सेलिब्रेशन में फोटो शूट के लिए जा रहा था। दुर्ग जिले में सीमेंट प्लांट में काम करने जा रहे मजदूर की बाइक को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा दोस्त बाल-बाल बच गया। तीसरा हादसा मनेंद्रगढ़ जिले में हुआ। जहां कंटेनर वाहन और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। केस 1 कोरबा में मानिकपुर रेलवे कॉलोनी मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पेट्रोल पंप के पास हुई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल अस्पताल भेजा। मृतक की पहचान 22 वर्षीय गौरव श्रीवास के रूप में हुई है, जो सीएसईबी का निवासी था। गौरव श्रीवास पेशे से वीडियोग्राफर था। वह होली के लिए मिले वीडियोग्राफी के ऑर्डर के संबंध में बात करने जा रहा था। पुलिस की सूचना पर उसके दोस्त और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। केस 2 एमसीबी जिले के खोंगापानी क्षेत्र अंतर्गत घुटरीटोला चेकपोस्ट के समीप शुक्रवार देर शाम एक सड़क हादसा हो गया। कंटेनर वाहन और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान दुर्गेश केवट, पिता राम खेलावन, उम्र 27 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15 मनेन्द्रगढ़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दुर्गेश बिजुरी की ओर से आ रहा था, तभी मनेन्द्रगढ़ से बिजुरी की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर वाहन से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही खोंगापानी चौकी प्रभारी राकेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। केस 3 दुर्ग जिले के रसमड़ा स्थित रायपुर स्टील प्लांट के सामने ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ बैठा दोस्त बाल-बाल बच गया। उसके सामने ही दोस्त ट्रक के पहिए में फंस गया। घटना पुलगांव थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को ग्राम सलोनी निवासी ऐमंत साहू अपने साथी के साथ बाइक क्रमांक CG 07 ZR 3592 से रसमड़ा स्थित ए.एस. ग्लोबल फेब्रिकेशन कंपनी काम पर जा रहा था। बाइक ऐमंत चला रहा था और उसका दोस्त पीछे बैठा था। दोनों रोज इसी बाइक से कंपनी आते-जाते थे। …………….. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… रॉन्ग साइड आकर ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को टक्कर मारी, 4 मौतें, LIVE-VIDEO: गाड़ी काटकर शव निकाले; बिलासपुर में सालगिरह मनाकर लौट रहा था परिवार बिलासपुर में रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने यह हादसा हुआ। टक्कर में 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चारों मृतक एक ही परिवार के हैं। पढ़ें पूरी खबर…


