प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिलासपुर दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ के 3 लाख गरीब परिवारों को लाइव प्रसारण के माध्यम से नए घरों की चाबियां सौंपी। पीएम ने कहा कि नववर्ष और नवरात्रि के अवसर पर यह परिवारों के लिए नई शुरुआत है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। मनेंद्रगढ़ विकासखंड के सात गांवों – चिमटीमार, लालपुर, महाई, बाही, सेमरा, बरबसपुर और चनवारीडांड में यह कार्यक्रम विशेष रूप से मनाया गया। नव निर्मित आवासों को फूलों, रंगोली, तोरण और केले के पत्तों से सजाया गया। दीप प्रज्वलन के बाद लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराया गया। उन्हें अभिनंदन प्रमाण पत्र, विष्णु की पाती और आवास की चाबी प्रदान की गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए कार्यक्रम में जनपद सदस्य कविता बसंल, ग्राम पंचायत सरपंच, पीएम आवास योजना समन्वयक दीपक कुमार पटेल, एसबीएम विकासखंड समन्वयक प्रभा प्यासी और जनपद सीईओ वैशाली सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। लाभार्थियों को आवास योजना से जुड़े अधिकारों और लाभों की जानकारी भी दी गई। इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया।


