लुधियाना| हंबड़ां रोड स्थित ऋषि नगर इलाके में चोरों ने एक ही रात में दो दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। पहली वारदात एक मोबाइल शॉप के गोदाम में हुई, जबकि साथ लगती करियाना दुकान से भी नकदी और सामान चोरी कर लिया गया। दोनों घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। पीड़ित सन्नी सभरवाल ने बताया कि उनकी दुकान ‘सभरवाल कम्युनिकेशन’ के नाम से है और दुकान के पीछे ही उनका घर है। घर की ऊपरी मंजिल पर मोबाइल और एलईडी का गोदाम बना हुआ है। 24 फरवरी की रात परिवार ग्राउंड फ्लोर पर सो रहा था। सुबह जब वे पहली मंजिल पर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि गोदाम से करीब दो मोबाइल फोन चोरी हो चुके थे। इसके अलावा एक कमरे की अलमारियां टूटी हुई थीं और वहां रखे पर्स से करीब 25 हजार रुपए नकद गायब थे। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आया कि रात करीब 2 बजे दो युवक साथ लगती निर्माणाधीन बिल्डिंग के रास्ते छत पर चढ़े और ऊपरी मंजिल का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद वे उसी रास्ते फरार हो गए। इसी दौरान चोरों ने पास की एक करियाना दुकान को भी निशाना बनाया। छत के रास्ते दुकान में घुसकर करीब 5 हजार रुपए नकद, परफ्यूम और अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना की सूचना थाना पीएयू पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


