छात्रवृत्ति पोर्टल से कॉलेज नाम गायब, एबीवीपी का प्रदर्शन:विभाग के आश्वासन पर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन रोका

झालावाड़ में छात्रवृत्ति पोर्टल से राजकीय पीजी कॉलेज का नाम गायब होने के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रदर्शन किया। विभाग के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। हालांकि, तकनीकी खामी के कारण पोर्टल पर राजकीय पीजी कॉलेज, झालावाड़ का विकल्प उपलब्ध नहीं था। इस वजह से छात्र कई दिनों से ई-मित्र केंद्रों के चक्कर लगा रहे थे और उन्हें छात्रवृत्ति से वंचित रहने का डर था क्योंकि आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक आ रही थी। गुरुवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जिला संयोजक रवि मेघवाल के नेतृत्व में मिनी सचिवालय पहुंचकर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस समस्या के बारे में विभाग को पहले भी सूचित किया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन और चेतावनी के बाद विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए। विभाग ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि तकनीकी खामी को दूर कर पोर्टल पर कॉलेज का नाम अपडेट कर दिया गया है। इस ठोस आश्वासन और त्वरित कार्रवाई के बाद छात्रों ने अपना विरोध प्रदर्शन वापस ले लिया। प्रदर्शन में छात्रसंघ अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह राठौड़, नगर मंत्री हर्षित जैन, शिखर हाड़ा, कूलदीप धाकड़, लखन भील, देवेन्द्र जाट सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *