भास्कर न्यूज | कवर्धा पीजी कॉलेज के पीछे कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने आरोप लगाया है कि छात्रावास में भोजन के नाम पर छात्राओं को अत्यंत निम्न गुणवत्ता और अस्वच्छ भोजन परोसा गया। इससे एक छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जिला संयोजक गजाधर वर्मा ने बताया कि छात्राओं से शिकायत मिलने पर परिषद के कार्यकर्ता तत्काल छात्रावास पहुंचे और मौके पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की स्थिति बेहद खराब पाई गई। परिषद का आरोप है कि परोसा गया भोजन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता था। अभाविप का कहना है कि यहां मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। ज्ञापन सौंपने के दौरान अभाविप प्रांत सेवा कार्य प्रमुख तुलसी यादव, नगर मंत्री परमेश्वर साहू, हिरेंद्र बघेल, पोखराज साहू, विनय साहू, अजय साहू, यामिनी ठाकुर, वर्षा साहू, गजेंद्र राजपूत, ईश्वर वर्मा, हरिश उपस्थित रहे। प्रशासन को अल्टीमेटम दिया: अभाविप ने छात्रावास प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से तत्काल जवाब मांगा है। कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।


